Jabalpur News: चलती बाइक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, मची अफरा-तफरी

चलती बाइक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, मची अफरा-तफरी
हाई कोर्ट के सामने हुई घटना, सुरक्षा कर्मियों ने संभाला मोर्चा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर| हाई कोर्ट के सामने दोपहर में सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती बाइक में आग लग गई। गनीमत यह थी कि बाइक सवार तत्काल बाइक को बीच सड़क पर छाेड़कर दूर हो गया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। देखते ही देखते बाइक से आग की लपटें उठने लगीं।

बाइक को जलता देख हाई कोर्ट परिसर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाई और तुरंत ही अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग को बुझाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे एक मछली व्यापारी बाइक से बाजार की ओर जा रहा था, जैसे ही वह हाई कोर्ट गेट के सामने पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल में आग लग गई। घटना के बाद वकीलों और आम लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाकर सड़क पर लोगों की आवाजाही को रोक दिया। नगर निगम के दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने के पहले ही आग को बुझा लिया गया। लोगों ने राहत की सांस ली।

घर में लगी आग

विजयनगर घड़ी चौक के पास शुक्रवार सुबह 5 बजे एक भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित घर में आग लग गई। आग से घर में रखा फर्नीचर और गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। आग लगने का कारण पता नहीं चला है।

कचरे में लगी आग

छुई खदान में शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे कचरे में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग लगने का कारण पता नहीं चला है।

खेत में आग लगने से फसल जली

बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर खेत में आग लगने से फसल जल गई। बरेला फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10.30 बजे बरेला वार्ड नंबर-9 में मुकेश साहू के गेहूं के खेत में आग लग गई।

आग से करीब 4 एकड़ में लगी गेहूं की फसल जल गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। वहीं वार्ड क्रमांक-14 में दोपहर 1.30 बजे सतीश साहू के खेत में आग लग गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग को बुझाया। आग से आधा एकड़ में लगी फसल जल गई। आग लगने का कारण अज्ञात है।

Created On :   11 April 2026 4:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story