- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आयुर्वेद के जरिए भी होगा अब पशु और...
Jabalpur News: आयुर्वेद के जरिए भी होगा अब पशु और पक्षियों का उपचार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्राचीन काल से ही देश में इंसानों के साथ ही पशु और पक्षियों का उपचार आयुर्वेद के जरिए होता आया है। अब इसमें एक नई कड़ी और जुड़ने वाली है। वेटरनरी यूनिवर्सिटी और आयुर्वेद कॉलेज के बीच एक एमओयू हुआ है।
इसके तहत आयुर्वेद की उपचार पद्धतियों से वेटरनरी के छात्र-छात्राओं को अवगत कराया जाएगा और वे इसके जरिए उपचार भी करेंगे। इसके साथ ही एमओयू में इस बात का भी जिक्र है कि शोध जैसे महत्वपूर्ण विषयों में भी दोनों संस्थान साझेदारी करेंगे।
नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनदीप शर्मा के प्रयासों से ज्ञान, शोध एवं अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में शासकीय स्वायत्त आयुर्वेदिक महाविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से कुल सचिव डॉ. एसएस तोमर ने हस्ताक्षर किए।
वहीं आयुर्वेदिक कॉलेज से प्राचार्य डॉ. एलएल अहिरवार ने हस्ताक्षर किए। इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।
समझौते के अंतर्गत संयुक्त शोध परियोजनाओं का संचालन, छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों का आदान-प्रदान, कार्यशालाओं, सेमिनारों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन तथा पारंपरिक एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. शर्मा ने कहा कि यह एमओयू ज्ञान के आदान-प्रदान एवं नवाचार को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। इसके जरिए मूक पशुओं और पक्षियों का उपचार होगा। प्राचीन प्रणालियों को सहेजने का प्रयास भी किया जाएगा।
वहीं आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्राचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से आयुर्वेद एवं आधुनिक विज्ञान के समेकित विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अनुबंध के नियम व शर्तें दोनों संस्थाओं के सदस्यों की समिति के द्वारा सुनिश्चित किए गए। समिति के सदस्यों में डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. सुदिप्ता घोष, डॉ. अमिता दुबे, डॉ. एलएल अहिरवार, डॉ. मनोज सिंह एवं डॉ. पंकज मिश्रा शामिल थे।
Created On :   30 April 2026 5:08 PM IST












