Jabalpur News: पसीना पोंछते रहे और परीक्षा देते रहे विद्यार्थी

पसीना पोंछते रहे और परीक्षा देते रहे विद्यार्थी
रादुविवि में फाउंडेशन कोर्स के साथ शुरू हुईं परीक्षाएं, गर्मी ने किया बेहाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति के तहत तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन बुधवार से शुरू हुआ। सुबह की पाली में होने वाली परीक्षाएं तो सही तरीके से आयोजित की गईं, लेकिन दोपहर की पाली वाली परीक्षाओं में छात्र-छात्राएं पसीना पाेंछते नजर आए। अधिकांश कॉलेजों में पंखे तो थे लेकिन इन दिनों पड़ने वाली गर्मी केवल पंखों के भरोसे दूर नहीं हो रही है। विवि द्वारा बुधवार से बीए, बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीएचएससी, बीएससी और बीएजेएमसी की परीक्षाएं आयोजिति की गईं।

इन परीक्षाओं में 18 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। विवि के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. एसके दुबे का कहना है कि सभी केन्द्रों में बिना किसी बाधा के परीक्षाएं आयोजित की गईं। बुधवार को बीएससी, बीकॉम और बीबीए की परीक्षाएं सुबह 7 से 10 और बीए की परीक्षाएं सुबह 11 से 2 बजे तक हुईं।

इन सभी में फाउंडेशन कोर्स वन के पेपर आयोजित हुए। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा और कुल सचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर अपने परिवार और देश का नाम रोशन करें।

एलएलएम थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं आज से

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की एलएलएम थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं गुरुवार 30 अप्रैल से आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा नियमित, पूर्व और एटीकेटी वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए होगी। परीक्षा का समय सुबह 7 से 10 बजे तक रखा गया है। गुरुवार को कम्पलसरी पेपर वन लीगल एजुकेशन एंड रिसर्च का होगा। इसके बाद 4 मई और 6 मई को भी पेपर होंगे।

इधर एडमिशन मेंं सबसे अधिक सीटें बीए की

रादुविवि में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से शुरू होगी। प्रवेश की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से तीन चरणों में संचालित होगी। बीए में सबसे अधिक 8779 सीटें निर्धारित हैं। इसके अलावा बीएससी में 4963, बीकाॅम में 3658 और बीबीए में 979 सीटें हैं।

बीसीए के लिए 116, बीएचएससी के लिए 11 तथा बीएजेएमसी के लिए 8 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार कुल 18514 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विवि प्रवेश समिति संयोजक प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन एवं ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

Created On :   30 April 2026 4:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story