- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ऑनलाइन दस्तावेज जमा करने के बाद भी...
Jabalpur News: ऑनलाइन दस्तावेज जमा करने के बाद भी नहीं मिल रहा क्लेम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सालों पुरानी पॉलिसी होने के बाद भी जिम्मेदार गोलमाल कर रहे हैं। यहां तक कि उन्हें समय आने पर बीमा अधिकारी सहयोग भी नहीं कर रहे हैं। पीड़ित परेशान होकर बीमा लोकपाल व कंज्यूमर कोर्ट में केस लगा रहे हैं। ऐसी ही शिकायत उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी सीके पंडित ने बीमा लोकपाल में की है। उन्होंने एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी से स्वास्थ्य बीमा कराया हुआ है।
पॉलिसी क्रमांक आरआर-एचएच-25-25511827 का प्रीमियम वे सालों से देते आ रहे हैं। अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इलाज के दौरान बीमा कंपनी में सारे दस्तावेज भेजे गए थे पर क्लेम डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बिना कारण कैशलेस रिजेक्ट कर दिया। बीमित को अपने खर्च पर पूरा इलाज कराना पड़ा।
इलाज के बाद अस्पताल से मिले बिलों को बीमा कंपनी में ऑनलाइन सबमिट किया तो वहां से जल्द भुगतान का वाद किया गया पर उन्हें आज तक बीमा क्लेम नहीं मिला। वे लगातार संपर्क कर रहे हैं पर उन्हें वहां से उचित जवाब जिम्मेदार अधिकारियों के द्वारा नहीं दिया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी गोलमाल कर रहे हैं। वहीं इस संबंध में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क किया गया पर इस मामले में अधिकृत पक्ष नहीं मिल सका।
इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएं-
स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर - 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं। संकट की इस घड़ी में भास्कर द्वारा आपकी आवाज को खबर के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Created On :   28 April 2026 3:44 PM IST












