- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पके हुए नूडल्स के साथ ही उसमें...
Jabalpur News: पके हुए नूडल्स के साथ ही उसमें मिलाए जा रहे पदार्थों के लिए नमूने

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा गर्मी के दिनों में शहर के प्रतिष्ठानों में बिक रहे खाद्य पदार्थों के साथ ही उसमें मिलाए जा रही सामग्री के सैम्पल लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के अनेक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान पके हुए नूडल्स, मंचूरियन के साथ ही उसमें मिलाई जाने वाली सामग्री के नमूने लिए गए।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर सोमवार को गढ़ा स्थित केशरवानी फास्टफूड से नूडल्स, पटेल रेस्टाॅरेंट से मंचूरियन तथा फ्राइड राइस, अन्नपूर्णा फास्ट फ्रूड से पास्ता एवं नूडल्स, मदन महल स्थित साहेब रेस्टाॅरेंट से पास्ता, गोराबाजार स्थित चाऊमाऊ होटल से नूडल्स तथा फ्राइड राइस, रामपुर स्थित एमपी 20 से नूडल्स तथा मोमोज, होमसाइंस कॉलेज स्थित 4 यार कैफे रेस्टाॅरेंट से नूडल्स, सिविक सेंटर स्थित ड्रेगन एक्सप्रेस चाइनीज, श्री चाइनीज सेंटर तथा साईं चाइनीज से नूडल्स के नमूने लिए गए। इस दौरान इन दुकानदारों को समझाइश दी गई कि स्वाद बढ़ाने डाले जा रहे अजीनोमोटो का कम से कम उपयोग किया जाए। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
किचन में कॉकरोच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दुबे ने बताया कि 4 यार कैफे एंड रेस्टाॅरेंट के किचन की जांच के दौरान यहां बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। वहीं दीवार मॉइस्चर के कारण क्षतिग्रस्त होने के कारण अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन का निर्माण होना पाया गया, जिससे इस प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया।
Created On :   28 April 2026 4:45 PM IST












