Jabalpur News: नियमों का उल्लंघन करने पर एक सैकड़ा से अधिक वाहन चालकों के काटे चालान

नियमों का उल्लंघन करने पर एक सैकड़ा से अधिक वाहन चालकों के काटे चालान
सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने शुरू किया अभियान दिए कड़े दिशा-निर्देश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सड़क हादसों में होने वाली मृत्युदर को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके प्रथम दिन बिना हेलमेट के वाहन दौड़ाने वाले 149 दोपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा 56 लोगों के लाइसेंस पीओएस मशीन से निरस्तीकरण के लिए आरटीओ ऑफिस भेजे गए।

पुलिस परिवहन शोध संस्थान और पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 26 अप्रैल से 10 मई तक यह अभियान चलाया जाएगा। एसपी संपत उपाध्याय के आदेशानुसार और एएसपी यातायात सुश्री अंजना तिवारी के निर्देशन में मालवीय चौक, गढ़ा और घमापुर ट्रैफिक थाने के स्टाफ ने प्रात: 10 बजे से चेकिंग कार्रवाई शुरू की।

इस दौरान पिसनहारी की मढ़िया, जसूजा सिटी, पुराना बस स्टैण्ड, रानीताल और वेस्ट लैण्ड खमरिया में 149 दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट नहीं लगाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 44700 रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया।

इसके अलावा 56 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए पीओएस मशीन से परिवहन विभाग को भेजे गए। इसके साथ ही डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला, बैजनाथ प्रजापति, सूबेदार राहुल सिंह और मनीष आदि ने कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों और छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियम बताते हुए उसका पालन करने के लिए भी कहा।

Created On :   28 April 2026 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story