Jabalpur News: जबलपुर स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक की बैग स्कैनर मशीन खराब

जबलपुर स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक की बैग स्कैनर मशीन खराब
  • चाहे जो ले जाओ, न लगेज न ही टिकट की चेकिंग
  • कई घटनाएं हो चुकीं फिर भी सुधार नहीं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। प्लेटफाॅर्म और ट्रेनों में अवैध रूप से सामग्री ले जाना बड़ा आसान है। न तो स्टेशन में कोई चेकिंग हो रही है और न ही कोई देखने वाला है। प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर लगी बैग स्कैनर मशीन भी पिछले कई दिनों से खराब पड़ी है। वहीं प्लेटफाॅर्म नंबर 6 पर मशीन तो चालू है लेकिन जांच बंद है। प्लेटफाॅर्म में न तो टिकट की चेकिंग हो रही है और न ही लगेज की।

ऐसे में अवैध सामग्री भी धड़ल्ले से आ-जा रही है। स्टेशन में जबकि इससे पहले कई घटनाएं हो चुकी हैं और अवैध शराब के साथ ही गांजा और हथियारों के साथ भी अपराधी पकड़े गये हैं फिर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है न ही अधिकारी कोई सुधार करने का प्रयास कर रहे हैं।

चाहे जब बिगड़ जाती हैं यात्री सुविधा से जुड़ी मशीनें

मुख्य रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधा से जुड़ी मशीनें चाहे जब बिगड़ जाती हैं। चाहे लिफ्ट हो या फिर एस्केलेटर या बैग स्कैनर मशीन आये दिन खराब होती हैं और इनके सुधार में कई दिन लग जाते हैं। रेलवे के अधिकारी भी इस तरफ ध्यान नहीं देते कि यात्रियों को क्या परेशानी आ रही है, जबकि इन मशीनों के मेंटेनेंस और सुधार के लिए जिम्मेदारी तय है और रेलवे लाखों रुपए खर्च कर रही है।

यात्रियों को सुविधा देने में आखिर गलती कहां हो रही है और रेलवे लापरवाही पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। जैसे इस समय प्लेटफाॅर्म नंबर एक के बैग स्कैनर का कोई पार्ट्स खराब है तो सुधार नहीं हो रहा है। प्लेटफाॅर्म नंबर 6 की तरफ स्टाफ की डयूटी रहती है लेकिन सब नदारद रहते हैं।

ये घटनाएं हो चुकी हैं

{ ट्रेनों में नशीले पदार्थ की तस्करी करना बड़ा आसान है यही कारण है कि यह काम धड़ल्ले से चल रहा है। पिछले एक साल के आंकड़े देखें तो पमरे में आरपीएफ ने 43 तस्करों का पकड़ा जिनसे लगभग 27 करोड़ 45 लाख 35 हजार 715 रुपए की सामग्री जब्त हुई।

{ इसी तरह शराब ढोना भी आम बात है। टीम ने एक साल में 34 लोगों काे पकड़ा जिनसे 725 लाख लीटर शराब लगभग 6 करोड़ से ज्यादा की जब्त की गई। ट्रेन के एसी कोच के अटेंडेंट को ही बिहार की ट्रेन में बड़ी मात्रा में शराब ले जाते हुए पकड़ा गया था।

{ गांजा की तस्करी में युवतियां भी शामिल हो गई हैं, पिछले महीनों में अधारताल स्टेशन से गांजा तस्करी करते दो युवतियां पकड़ी गई थीं।

{ ट्रेन में हथियार लेकर चलना भी अासान है। पिछले साल अक्टूबर माह में चलती ट्रेन में युवक पर चाकू से कई वार किये गये थे।

{ पिछले साल अगस्त माह में रक्षाबंधन पर्व के दौरान जब ट्रेनों और प्लेटफाॅर्म में भीड़ थी तब एक युवक को कट्टे के साथ पकड़ा गया था।

Created On :   28 April 2026 3:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story