Jabalpur News: लालच देकर कराया जा रहा था धर्मांतरण

लालच देकर कराया जा रहा था धर्मांतरण
ग्वारीघाट थाने में विहिप का प्रदर्शन, दो के खिलाफ एफआईआर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा नगर के एक मकान में महिला व उसके साथी द्वारा भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा था। इस बात की जानकारी लगने पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौके पर महिला व उसके साथी को पकड़कर मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार विहिप द्वारा सामाजिक समरसता रथ यात्रा के समापन पर विहिप कार्यकर्ता रविवार को दुर्गा नगर पहुंचे थे, वहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान वहां रहने वाली महिला छाया चौधरी ने शोर शराबा करने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह यीशु की प्रार्थना कर रही है।

इस बात को लेकर हंगामा शुरू हुआ और विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता महिला के घर पहुंचे तो वहां पर सौरभ डेविड नामक युवक प्रार्थना करा रहा था और दीपक ठाकुर वहां पर बैठा था।

पूछताछ करने पर उसने बताया कि लालच देकर उसे धर्मांतरण के लिए लाया गया है और उसे हिंदू देवी-देवताओं के विषय में गलत जानकारी दी जा रही थी। इसके बाद विहिप बजरंग दल के पदाधिकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छाया चौधरी एवं सौरभ डेविड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

थाने में किया प्रदर्शन

इस घटना को लेकर विहिप बजरंग दल के पदाधिकारी थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी प्रदर्शन किया। मामले में विहिप की शिकायत पर धर्मांतरण का मामला दर्ज किया गया है। विहिप के सुमित सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान रामेश्वर पटेल, दीपक सोनकर, राकेश सिंह, रमेश तिवारी आदि मौजूद थे।

Created On :   27 April 2026 6:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story