Jabalpur News: रहवासी क्षेत्र में कपड़े की फैक्ट्री और गोदाम, हो सकता है हादसा

रहवासी क्षेत्र में कपड़े की फैक्ट्री और गोदाम, हो सकता है हादसा
अग्नि सुरक्षा के इंतजाम तक नहीं, क्षेत्रीय नागरिक दहशत में

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राजीव गांधी वार्ड के अंतर्गत शांतिनगर की गली-19 के रहवासी क्षेत्र में कपड़े की फैक्ट्री और गोदाम चल रहा है। फैक्ट्री और गोदाम में बड़े पैमाने पर कपड़े का स्टॉक रखा हुआ है। यहां पर अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इस लापरवाही से कभी भी बड़ा अग्नि हादसा हो सकता है। इससे क्षेत्रीय नागरिक दहशत में हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि शांतिनगर के रहवासी क्षेत्र में लंबे समय से कपड़े की फैक्ट्री और गोदाम चलाया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम से अनुमति नहीं ली गई है। फैक्ट्री और गोदाम संचालक के पास फायर एनओसी तक नहीं है।

यहां पर बड़े पैमाने पर कपड़े का स्टॉक है। इससे यहां पर अग्नि हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि शहर में रहवासी क्षेत्रों में चल रही फैक्ट्री और गोदाम में आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी रहवासी क्षेत्रों से फैक्ट्री और गोदामों को बाहर करने की कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

घरेलू संपत्ति का हो रहा व्यावसायिक उपयोग, निगम से नहीं ली अनुमति

शांतिनगर में जिस बिल्डिंग में कपड़े की फैक्ट्री और गोदाम चलाकर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है नगर निगम में उस बिल्डिंग का घरेलू टैक्स दिया जा रहा है। इससे नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारियों को कोई परवाह नहीं है। सघन व्यावसायिक क्षेत्र में गोदाम चलाने के लिए नगर निगम से भी अनुमति नहीं ली गई ।

फायर ब्रिगेड पहुंचने तक की जगह नहीं

शांतिनगर की गली नंबर-19 की सड़क इतनी संकरी है कि यहां पर आसानी से फायर ब्रिगेड का पहुंचना मुश्किल है। यदि यहां पर आग लग जाए तो उस पर तत्काल काबू पाने में परेशानी का सामना करना होगा। सुबह से लेकर देर रात तक बड़े और छोटे वाहनों के जरिए लोडिंग और अनलोडिंग का काम चलता रहता है।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हाट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

Created On :   27 April 2026 5:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story