- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ट्रेनों में बढ़ी भीड़, कोच के अंदर...
Jabalpur News: ट्रेनों में बढ़ी भीड़, कोच के अंदर जाना तक हो रहा मुश्किल, टाॅयलेट और गेट के पास बैठकर यात्रा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गर्मी और उमस के कारण आम आदमी की हालत वैसे ही खराब है उस पर ट्रेनों में भीड़ इतनी कि कोच के अंदर पैर रखने जगह नहीं है। जनरल और स्लीपर कोच के हाल तो ऐसे हैं कि यात्री ट्रेन के गेट पर लटककर या फिर टाॅयलेट के पास बैठकर सफर पूरा कर रहे हैं।
कई ट्रेनों में तो टिकट कंफर्म होने के बाद भी स्लीपर कोच में यात्री अंदर नहीं जा पा रहे हैं। लगेज के साथ अपनी सीट तक पहुंचना जंग जीतने जैसा है। जनरल कोच में जब यात्री खड़े-खड़े थक जाते हैं तो चादर या फिर कपड़ा बांधकर लटककर सफर पूरा कर रहे हैं। ऊपर से ट्रेनों की लेटलतीफी उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है।
ट्रेनों में भीड़ कम नहीं हो रही है। किराया पूरा देने के बाद भी रेलवे यात्रियों को सुविधा नहीं दे पा रहा है। कई समर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं फिर भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। यूपी, बिहार, दिल्ली और मुंबई जाने वाली हर ट्रेन में भीड़ देखी जा रही है और कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है। कई ट्रेनों में रिगरेट (टिकट नहीं) की स्थिति बन रही है।
रविवार की शाम को बेंगलुरु से बिहार के दानापुर तक चलने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस जब प्लेटफाॅर्म पर पहुंची तो हालात ऐसे थे कि यात्री ट्रेन से नीचे नहीं उतर पा रहे थे। न पानी मिल रहा था और न ही खान-पान की सामग्री यहां तक कि उनका टाॅयलेट जाना मुश्किल था। यात्रियों का कहना था कि बड़ी खराब स्थिति है लेकिन यात्रा तो करना उनकी मजबूरी है। इसी तरह लोकमान्य तिलक से राजगीर जाने वाली ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि कोच में यात्री परेशान हो रहे थे।
तीन ट्रेनों में तत्काल टिकट की किल्लत
जबलपुर से चलने वाली 3 ट्रेनें ऐसी हैं जिनमें इस समय तत्काल टिकट भी मिलना मुश्किल हो रहा है। पिछले 3 महीने के आंकड़े भी देखें तो इन ट्रेनों में इतनी भीड़ थी कि तत्काल टिकट कुछ मिनटों में ही खत्म हो गईं। इन ट्रेनों में जबलपुर से निजामुद्दीन जाने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस जिसमें 13818 यात्रियों ने रिजर्वेशन श्रेणी के टिकट निकाले।
इसी तरह जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट एक्सप्रेस 15770 यात्रियों ने टिकट लिए इसके अलावा जबलपुर से मुंबई जाने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस के 6466 तत्काल टिकट लिये गये। अभी अप्रैल माह में इन ट्रेनों में तो कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। रेलवे को इन रूटों पर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
Created On :   27 April 2026 5:46 PM IST












