- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- कॉलोनी में नहीं हो रही साफ-सफाई हर...
Jabalpur News: कॉलोनी में नहीं हो रही साफ-सफाई हर तरफ लग गया गंदगी का अंबार
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राजीव गांधी वार्ड अंतर्गत आने वाली मां रेवा परिसर कॉलोनी में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हर तरफ कचरे के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय लोग इसकी शिकायत नगर निगम के उच्च अधिकारियों से भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं किया गया।
कॉलोनी के अध्यक्ष दीपू महाराज ने बताया कि प्रतिदिन सफाई होना तो दूर की बात, सप्ताह में एक-दो बार भी सफाई नहीं की जाती। इससे पूरी काॅलोनी में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सफाई नहीं होने की जानकारी निगम के अधिकारियों को भी दी गई, इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनी का निर्माण करीब सात साल पहले हुआ था। यहां करीब दो सौ परिवार निवास करते हैं। कॉलोनी निर्माण के बाद से अभी तक नालियों की सफाई नहीं की गई है। हालत यह है कि नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं। दुर्गंध के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हर शनिवार और बुधवार को सफाई के दिए निर्देश
स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में साफ-सफाई को लेकर नगर निगम कमिश्नर से शिकायत की गई थी, जिसके बाद तय किया गया था कि हर शनिवार और बुधवार को कॉलोनी में सफाई की जाएगी। निर्देश जारी होने के बाद कभी-कभी सफाई कर्मचारी काम करने पहुंच रहे हैं।
गर्मी में जहां कोई कर्मचारी सफाई के लिए नहीं पहुंच रहा है। वहीं अधिकारी भी स्थानीय लोगों के फोन नहीं उठा रहे। कॉलोनी के शिव सेन, अमित साहू, पंकज बैरागी व राहुल कोष्टा ने निगम प्रशासन से समस्या निवारण की मांग की है।
Created On :   27 April 2026 5:21 PM IST












