Jabalpur News: भोपाल रोड- ढहा ब्रिज नया बनाने के साथ रोड भी सुधारनी होगी

भोपाल रोड- ढहा ब्रिज नया बनाने के साथ रोड भी सुधारनी होगी
एमपीआरडीसी मुख्यालय से निर्देश, कहा- लायबिलिटी पीरियड में सभी काम पूरा करके दे ठेका कंपनी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर भोपाल रोड में शहपुरा के नजदीक जो आरओबी का हिस्सा रविवार को ढहा है। ठेका कंपनी को उसको तो नया बनाना ही होगा, साथ ही अपने हिस्से की पूरी 55 किलोमीटर सड़क को सुधारना होगा। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट काॅर्पाेरेशन ने राजस्थान की बांगड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी को 3 माह के एक्सटेंशन वक्त में अंधमूक चौराहे से 55 किलोमीटर की सीमा तक हाईवे की पूरी सड़क को नया रूप देने के लिए कहा है।

इसमें ब्रिज के साथ पूरे मार्ग में पैनल क्रैक सुधारने होंगे, सभी तरह से सड़क की मार्किंग करनी होगी। इसके साथ ही इसकी सर्विस रोड को भी दुरुस्त बनाकर देना होगा। यदि कंपनी ऐसा नहीं करती है तो ब्रिज का हिस्सा गिरने के बाद एफआईआर की जो कार्रवाई हुई है उससे आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

बता दें कि जबलपुर से भोपाल तक 320 किलोमीटर सड़क पांच हिस्सों में बनी है। इसका पहला हिस्सा एमपीआरडीसी ने बनाया जो अंधमूक चौराहे से नरसिंहपुर की सीमा तक आता है। इसके आगे का दूसरा हिस्सा एनएचएआई के पास है, तो आगे के तीन हिस्से एमपीआरडीसी भोपाल ने बनाये हैं।

रात में बनी सड़क, सुबह घटिया क्वाॅलिटी दिखने पर बुलडोजर से तुड़वाई| गढ़ा गंगानगर गुजराती कॉलोनी में नार्म्स के विरीत बिना सूचना के रात को बनी सीमेण्ट सड़क को अगली सुबह उधेड़ दिया गया। गुणवत्ता में कमी सामने आने पर लोक निर्माण विभाग ने खुद बुलडोजर चलवाकर नई बनी सड़क को तुड़वा दिया। जानकारी के अनुसार करीब 80 मीटर लंबी इस सीसी सड़क के निर्माण पर 8 लाख रुपए खर्च किए गए थे। सड़क को रात में विभाग को बिना सूचना दिये बनाया गया था।

अगली सुबह जांच में विभागीय अधिकारियों को निर्माण में लापरवाही मिली, गुणवत्ता बेहद खराब नजर आई, जिसके बाद इसको उधेड़ दिया गया। इस मामले में ईई शिवेन्द्र सिंह कहना है कि निर्माण में यह रूटीन प्रक्रिया है। जांच में यदि क्वाॅलिटी सही नहीं है तो हिस्सा उधेड़ कर नया बनाया जाएगा। इस सड़क के निर्माण में रात के समय वाइब्रेटर नहीं चलने से कांक्रीट ठीक से सैट नहीं हो पाई और परत कमजोर रह गई।

तकनीकी मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया। सड़क निर्माण करने वाली कंपनी आराध्य कंस्ट्रक्शन रीवा को कारण बताओ नोटिस भी दिया गया है। इधर इस मामले को लेकर पाटन से विधायक अजय विश्नोई ने कहा कि गुणवत्ताहीन कार्यों को लेकर इसी तरह की कार्रवाई हो।

Created On :   27 Feb 2026 7:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story