Jabalpur News: जनगणना की ट्रेनिंग न करने पर मृत शिक्षकों को नोटिस

जनगणना की ट्रेनिंग न करने पर मृत शिक्षकों को नोटिस
स्कूल शिक्षा विभाग स्थापना शाखा की गलती, सांदीपनि स्कूल के 60 में से 55 शिक्षकों की ड्यूटी लगी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जनगणना के नाम पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। कुछ शिक्षक जिनकी मृत्यु सालों पहले हो चुकी है उनकी भी जनगणना में ड्यूटी लगा दी गई। यहां तक कि प्रशिक्षण में उपस्थित न होने पर उन्हें शोकॉज नोटिस भी जारी कर दिए गए।

अब परिजन परेशान हैं कि आखिर इन बेतुके नोटिस का किया क्या जाए। सांदीपनि अधारताल स्कूल में 1800 बच्चे हैं और स्कूल के 60 में से 55 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। अभिभावक भरी गर्मी में बच्चों को इसलिए स्कूल भेज रहे हैं कि बच्चों की पढ़ाई न प्रभावित हो, अब वहां क्या पढ़ाई हाे रही होगी यह आसानी से समझा जा सकता है।

जनगणना 2027 में कार्य के अंतर्गत जनगणना निदेशालय मप्र शासन के निर्देशों के अनुपालन एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के आदेशानुसार नगर निगम के चार्ज अधिकारियों द्वारा शिक्षकों की प्रगणक और पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए 23 से 25 अप्रैल तक ट्रेनिंग भी दी जा रही है।

इसी में कुछ ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई जिनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी है। ऐसे में अब उनके परिजनों के पास ट्रेनिंग में उपस्थित न होने पर शोकॉज नोटिस पहुंचे हैं। नोटिस का जवाब 24 घंटे में देने के निर्देश हैं। एक परिजन ने परेशान होकर कहा कि आखिर शिक्षा विभाग इतना लापरवाह कैसे हो सकता है। स्थापना शाखा में पूरी जानकारी होती है इसके बाद भी ऐसी सूची जारी की गई, जिसमें मृतकों के नाम भी शामिल हैं।

स्कूलों में छुट्टी दी जाए

अनेक पालकों ने मांग की है कि जिन स्कूलों के अधिकांश शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, उन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी जाए। बच्चों को बेवजह स्कूलों में बुलाया जा रहा है जबकि वहां शिक्षक ही नहीं हैं तो पढ़ाई कौन कराएगा।

Created On :   25 April 2026 5:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story