Jabalpur News: डी मार्ट बिलहरी की टंकी में मिला गंदा पानी, फायर NOC का पालन भी नहीं

डी मार्ट बिलहरी की टंकी में मिला गंदा पानी, फायर NOC का पालन भी नहीं
एसडीएम के निर्देशन में गरुड़ दल ने की छापामार कार्यवाही

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संस्कारधानी के हितों काे ध्यान में रखते हुए और उपभोक्ताओं से लगातार मिलने वाली शिकायतों के मद्देनजर डीबी स्टार द्वारा डी मार्ट बिलहरी और विजय नगर की खामियों को उजागर किया जा रहा था। इन खबरों को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के आदेश तथा एसडीएम के निर्देशन में गरुड़ दल ने छापामार कार्यवाही की तो कई अनियमितताएं सामने आईं।

पहली किस्त में 20 हजार का स्पॉट फाइन किया गया। इसके अलावा अनियमितताओं का पंचनामा भी तैयार किया गया है। उल्लेखनीय है कि डी मार्ट में अनेक प्रकार की अनियमितताएं हावी हैं। गरुड़ दल की छापामारी में सबसे पहले पानी की पड़ताल की गई। डी मार्ट में आने वाले ग्राहकों के लिए रखी गई पानी की टंकी में गंदगी तैर रही थी।

गर्मी में प्यास से व्याकुल ग्राहक इस पानी को पीकर नि:संदेह डाक्टर के पास पहुंचेंगे, यह कहना गलत नहीं होगा। डी मार्ट में नियम विरुद्ध तरीके से खाद्य व अखाद्य वस्तुओं को एक साथ रख दिया गया है। गरुड़ दल ने यहां से कई खाद्यान्न के नमूने भी लिए हैं। इसके आधार पर आगे की कार्यवाही तय की जाएगी। फिलहाल इस कार्यवाही के बाद से डी मार्ट का संचालन ही सवालों के घेरे में आ गया है।

फूड लाइसेंस में अनियमितता फायर एनओसी भी गड़बड़

बिलहरी स्थित डी मार्ट में निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी फूड लाइसेंस में अनियमितता के रूप में सामने आई है। वहीं दूसरी तरफ सबसे अहम सुरक्षा इंतजामों में शामिल फायर एनओसी का भी खुला उल्लंघन होता पाया गया, जबकि गर्मी के मौसम में मामूली सी लापरवाही भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। इसके बावजूद डी मार्ट प्रबंधन द्वारा नियम-कायदों को ताक पर रखकर धंधा पानी में व्यस्त है। उसे जनता की जान तक की परवाह नहीं है।

लंबे समय से नियमों की अनदेखी हो रही

डी मार्ट बिलहरी में फायर एनओसी और गंदगीयुक्त पानी पिलाने जैसी जानलेवा लापरवाही लंबे समय से चल रही है। गरुड़ दल के छापे में यह भी सामने अया कि जिस दीवार पर अग्निशमन यंत्र लटकाया जाता था, उस दीवार पर केवल कागज चिपका दिया गया, परंतु अग्निशमन जैसी जरूरी चीजों को अनदेखा कर दिया गया। इससे पता चलता है कि डी मार्ट प्रबंधन को लोगों की जान से ज्यादा कमाई से प्यार है।

Created On :   25 April 2026 3:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story