Jabalpur News: जांच में फेल हो गई बच्चों को दी जाने वाली पैरासिटामॉल सिरप

जांच में फेल हो गई बच्चों को दी जाने वाली पैरासिटामॉल सिरप
स्वास्थ्य विभाग ने लगाई उपयोग पर रोक, सरकारी अस्पतालों में हुई सप्लाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर| जांच में फेल हो जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को दी जाने वाली एक महत्वपूर्ण दवा के इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार पैरासिटामॉल पीडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी 125mg/5ml का एक विशेष बैच गुणवत्ता परीक्षण में फेल पाया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल स्थित ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी ने इस दवा के नमूनों की जांच की थी। बीते 17 मार्च को आई रिपोर्ट में इस बैच को अमानक स्तर का घोषित किया गया है। इसके बाद जबलपुर स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी चिकित्सा अधिकारियों और अस्पतालों को पत्र लिखकर इस दवा के वितरण और उपयोग को बंद करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पतालों और क्लीनिकों को सख्त निर्देश| सीएमएचओ कार्यालय ने सिहोरा, पाटन, पनागर, शहपुरा और बरगी सहित जिले के सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को सूचित किया है। इसके साथ ही एल्गिन अस्पताल, रांझी अस्पताल, मनमोहन नगर अस्पताल और सभी संजीवनी क्लीनिकों को भी अलर्ट कर दिया गया है कि वे अपने स्टॉक की जांच करें और इस विशेष बैच नंबर की दवा का वितरण तुरंत रोक दें।

कौन सा बैच असुरक्षित?

दवा का नाम| पैरासिटामॉल पीडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी 125mg/5ml बैच नंबर: 41507

निर्माता कंपनी| मेसर्स जेनिथ ड्रग्स लिमिटेड, इंदौर

निर्माण| 11/2024, समाप्ति |10/2026

दवा का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जो कि जांच में अमानक मिला है। दवा के वितरण पर रोक लगाने के निर्देश जिले के सभी शासकीय अस्पतालों को दिए हैं। वहीं पैरेंट्स भी बच्चों को यह दवा बिल्कुल न दें।

डॉ. नवीन कोठारी, सीएमएचओ

Created On :   24 April 2026 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story