Jabalpur News: घटना स्थल से पौने दो किमी दूर मिला पानी में डूबी युवती का शव

घटना स्थल से पौने दो किमी दूर मिला पानी में डूबी युवती का शव
नहाते वक्त डूबी थीं दो युवतियां व एक बालिका

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सालीवाड़ा में स्नान करते समय नहर में डूबी 18 वर्षीय युवती तनु पटेल का शव शुक्रवार को घटनास्थल से करीब पौने दो किलोमीटर दूर उतराते हुए मिला। एसडीआरएफ की टीम ने इसे बाहर निकाला। जैसे ही युवती का शव बाहर आया तो उसके परिजन बुरी तरह से बिलखकर रो पड़े।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई व पीएम के उपरांत शव को युवती के परिजनों को सौंप दिया है। गौरतलब है कि सालीवाड़ा निवासी डेलन सिंह पटेल के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शास्त्री नगर निवासी 20 वर्षीय शीतल पटेल, कोसमघाट निवासी 18 वर्षीय तनु पटेल और कटियाघाट गौर निवासी 10 वर्षीय सानिया पहुंची थीं। गुरुवार को शीतल और तनु ने सालीवाड़ा निवासी सृष्टी पटेल तथा निहारिका पटेल के साथ नहर में स्नान करने का प्लान बनाया।

देखते ही देखते तीनों डूब गईं

नहर में स्नान करने की योजना बनाकर वे घर से निकल पड़ीं और उनके पीछे सानिया भी चली गई। इसके बाद जब वे सभी नहर में पहुंचीं और कपड़े किनारे रखकर शीतल, तनु, सानिया और निहारिका द्वारा स्नान किया जाने लगा। तभी सृष्टी समीप खड़े होकर वीडियो बनाने लगी लेकिन इसी दौरान शीतल, तनु, सानिया और निहारिका पानी में डूबने लगीं।

इस पर सृष्टि ने पानी में कूदकर निहारिका को बचा लिया, लेकिन शेष तीनों देखते ही देखते पानी में डूब गईं। वहीं सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने सानिया और शीतल के शव गुरुवार को ही तलाश लिए। वहीं तनु की लाश आज दोपहर बाद तलाशी जा सकी। पीएम के उपरांत तनु पटेल का शव उसके परिजनों को सौंपा गया तो वे बिलख उठे और उनके साथ आए रिश्तेदार व परिचितों ने सांत्वना देकर शांत करवाया।

Created On :   25 April 2026 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story