Jabalpur News: डबल पैनाल्टी के प्रावधान के साथ छह माह के लिए बढ़ाया पुराना सफाई ठेका

डबल पैनाल्टी के प्रावधान के साथ छह माह के लिए बढ़ाया पुराना सफाई ठेका
नगर निगम सदन में नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव को लेकर हंगामा, सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक में डबल पैनाल्टी के प्रावधान के साथ पुराने सफाई ठेके को 6 महीने के लिए बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक में नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षद आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। कांग्रेस के पार्षद हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन करने लगे।

भाजपा की महिला पार्षदों ने भी नारेबाजी से जवाब दिया। हंगामे के बीच बहुमत से नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। नगर सरकार की ओर से सफाई ठेके को 6 माह के लिए बढ़ाए जाने पर डबल पैनाल्टी को विलोपित करने का प्रस्ताव पेश किया गया था।

इस पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अयोध्या तिवारी, अनुपम जैन, संतोष दुबे पंडा, मुकिमा याकूब अंसारी, कल्लन गुप्ता और सत्येन्द्र चौबे ने कहा कि पुराने सफाई ठेके में डबल पैनाल्टी का प्रावधान होना चाहिए, यदि ऐसा नहीं होता है तो ठेकेदार निरकुंश हो जाएंगे।

भाजपा पार्षद कमलेश अग्रवाल, महेश राजपूत, अतुल दानी, राहुल साहू, जितेन्द्र कटारे और प्रिया संजय तिवारी ने कहा कि पुराने सफाई ठेके से डबल पैनाल्टी का प्रावधान विलोपित करना उचित नहीं है। डबल पैनाल्टी के प्रावधान को यथावत रखा जाना चाहिए।

19 में से 18 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित- महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि सदन में रखे गए 19 में से 18 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए। सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 97 करोड़ के सफाई ठेके को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। शहर में स्वच्छता के नए उपकरण और बेहतर प्रबंधन को सुनिश्चित किया जाएगा। शहर के विकास में पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव महिला सशक्तिकरण के लिए जरूरी

निगमाध्यक्ष रिकुंज विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में लाया गया था। इससे महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने वाला था, लेकिन लोकसभा से बिल गिर गया। नगर निगम से नारी शक्ति वंदन के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर भेजा गया है।

Created On :   25 April 2026 5:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story