- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ड्यूप्लेक्स बनाने का वादा कर परिचित...
Jabalpur News: ड्यूप्लेक्स बनाने का वादा कर परिचित से हड़पे 50 लाख

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने एक बिल्डर बृजकिशोर चौकसे को गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। उसने दो साल पूर्व अपने परिचित को ड्यूप्लेक्स बनाने का वादा कर उससे 50 लाख रुपए की राशि हड़प ली थी। पुलिस के अनुसार बिल्डर बृजकिशोर चौकसे की शारदा कॉलोनी निवासी 47 वर्षीय प्रमोद नागर से पहचान थी। जब-तब जरूरत पड़ने पर ब्रजकिशोर उनसे आर्थिक मदद लेता था। इसी बीच बृजकिशोर ने 18 लाख में थ्री-बीएचके का ड्यूप्लेक्स बनाकर देने का आश्वासन प्रमोद नागर को दिया और उनसे एडवांस में 12 लाख 51 हजार रुपए ले लिए।
आहिस्ता-आहिस्ता कर 50 लाख ऐंठ लिए{ पीड़ित ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि धीरे-धीरे कर बृजकिशोर ने उनसे ड्यूप्लेक्स की एवज में 50 लाख रुपए की राशि ऐंठ ली। इस दौरान उसने रजिस्ट्री स्वयं के नाम पर करा ली और उसका अनुबंध प्रमोद से किया था।
उसने इसके बाद समझौता कर दो अन्य ड्यूप्लेक्स की रजिस्ट्री प्रमोद नागर के नाम पर कराने की बात कही, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसके अलावा प्रमोद को जो चेक उसने दिए वे भी बाउंस हो गए। इसके बाद प्रमोद ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी और आरोपी फरार चल रहा था। इसी बीच धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने ब्रजकिशोर चौकसे की खोजबीन शुरू की और बीती दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
वृद्धा का रुपयों से भरा पर्स लेकर भागा शातिर लुटेरा
लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित निवाड़गंज इलाके में झाड़ू खरीद रही एक वृद्धा का रुपए व जेवरों से भरा पर्स एक युवक ने गायब कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सीएमएम कम्पाउंड निवासी 61 वर्षीय जूली रोजलिन झा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया गया है कि वे सीनियर नर्स के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं।
20 अप्रैल को निवाड़गंज स्थित स्वाभिमान ट्रेडर्स में झाड़ू खरीदने के लिए गई थीं, तभी पीछे से एक अज्ञात युवक वहां आया और उनके पास रखी झाड़ू को खरीदने के लिए बातचीत करने लगा। इस पर जूली ने उसे मना कर दिया तो वह युवक आगे निकल गया।
इसी दौरान जब वे अपनी स्कूटी की डिक्की से रुपए निकालने के लिए अपना पर्स उठाने लगीं, तभी उक्त युवक वहां वापस आ गया और उसने तेजी से उनका पर्स उठाया और भाग निकला। पर्स में नकद 25 हजार रुपए के अलावा 1 सोने की चेन, आधारकार्ड एवं पैन कार्ड रखा हुआ था। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस का मामला दर्ज कर क्षेत्रीयजनों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाशों ने झपट्टा मारकर लूटा युवक का मोबाइल
सिहोरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोहसाम निवासी एक युवक का बाइक में आए 3 बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल लूटा और भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित बुरी तरह से घबरा उठा और उसने अपने साथ हुए घटनाक्रम की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की है। पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय सचिन पटेल ने थाने में आकर लिखित शिकायत की है कि वे मनसकरा स्थित पेट्रोल पम्प में कार्यरत हैं।
22 अप्रैल रात करीब 10:15 बजे अपनी साइकिल से वापस घर जा रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक में अचानक 3 युवक आए और साइकिल के सामने अपनी बाइक अड़ा दी। जब तक कुछ समझ पाते तब तक उक्त युवकों ने उनका झपट्टा मारकर मोबाइल लूटा और कटनी की ओर भाग खड़े हुए। पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस का मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी लुटेरों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है।
Created On :   25 April 2026 5:53 PM IST










