- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- प्रॉपर्टी में कमीशन के विवाद को...
Jabalpur News: प्रॉपर्टी में कमीशन के विवाद को लेकर रिश्ते के भाई व भतीजे ने दागी थी गोली
डिजिटल डेस्क,जबलपुर| रांझी थाना क्षेत्र स्थित फौजी बिल्डिंग के पास गुरुवार की सुबह गोली मारकर प्राॅपर्टी डीलर की हत्या उसके रिश्ते के भाई तथा भतीजे ने ही की थी। यह खुलासा पुलिस जांच में हुआ है और यह बात सामने आई है कि आरोपियों व मृतक के बीच 1 करोड़ रुपए की जमीन को लेकर कमीशन का विवाद चल रहा था।
वारदात के बाद से अभी तक पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। उक्त आरोपी ओमती थाना क्षेत्र निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी लोकेशन कटनी के आसपास मिली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाइक से जाते समय करीब से किया फायर
गौरतलब है कि बड़ा पत्थर निवासी 39 वर्षीय क्लेरेंस एडकिन्स प्राॅपर्टी डीलर थे। इसके अलावा वे सिविल कॉन्ट्रैक्टर भी रहे हैं। गुरुवार की सुबह वे अपने 5 वर्षीय बेटे को स्कूल छोड़कर बाइक से वापस लौट रहे थे।
इस दौरान जब क्लेरेंस फौजी बिल्डिंग के पास पहुंचे ही थे कि तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देकर जहां आरोपी भाग निकले, वहीं क्षेत्रीयजनों की मदद से पीड़ित को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहंुचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान क्लेरेंस एडकिन्स की मौत हो गई।
रायपुर की जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार जांच में यह बात सामने आई है कि क्लेरेंस और उसके रिश्ते के भाई ने पार्टनरशिप में रायपुर में एक कृषि भूमि खरीदी थी। यह भूमि लगभग 1 करोड़ रुपए की थी। इसमें पहले तो आरोपी पार्टनर थे लेकिन बाद में किसी बात पर वे अलग हो गए और कमीशन की मांग करने लगे। रुपए न मिलने पर क्लेरेंस को जान से खत्म करने की धमकी भी लगातार दी जा रही थी।
पुलिस की मानें तो आरोपियों ने क्लेरेंस की हत्या का पूरा प्लान बनाया था और वे लोग पिछले कई दिनों से उसकी रैकी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए जाते समय का वक्त चुना और आरोपियों ने वारदात को अंजाम देकर बाइक से कटनी की ओर भाग निकले।
Created On :   25 April 2026 5:56 PM IST











