रादुविवि: वेबसाइट पर सिलेबस ही तलाश रहे पीएचडी करने वाले छात्र

वेबसाइट पर सिलेबस ही तलाश रहे पीएचडी करने वाले छात्र
विवि की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हुए सिलेबस, कोर्सवर्क मई में समाप्त भी हो जाना था

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से पीएचडी करने वाले छात्र-छात्राएं इन दिनों बेहद परेशान हैं। उनका सिलेबस ही वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया है। इससे वे रोजाना वेबसाइट पर घंटाें इंतजार करते हैं। वहीं विवि ने ही यह निर्देश दिए थे कि पीएचडी शोधार्थियों की कोर्सवर्क कक्षाएं 10 नवंबर 2025 से प्रारंभ कर 10 मई 2026 तक पूर्ण कर ली जाएं।

बताया जाता है कि विश्वविद्यालय की 4 नवंबर 2025 की अधिसूचना के अनुसार पीएचडी कोर्सवर्क निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाना था, किंतु शोधार्थियों का आरोप है कि बिना समुचित सिलेबस उपलब्ध कराए ही कई विभागों में औपचारिक रूप से कोर्सवर्क पूरा मान लिया गया। इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं शोध प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार पीएचडी कोर्सवर्क के लिए केवल पत्रकारिता एवं जनसंचार, रसायनशास्त्र तथा भौतिकी विषयों के ही सिलेबस अपलोड किए गए हैं, जबकि विश्वविद्यालय द्वारा लगभग 26 विषयों में पीएचडी प्रवेश दिए गए हैं। अधिकांश विषयों के पाठ्यक्रम वेबसाइट से नदारद हैं। उपलब्ध दस्तावेजों में केवल कुछ विषयों के प्री पीएचडी कोर्सवर्क सिलेबस ही प्रदर्शित हो रहे हैं।

पीजी प्रवेश को लेकर बढ़ी चिंता

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय द्वारा बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएचएससी, बीसीए एवं बीबीए जैसे स्नातक पाठ्यक्रमों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 29 अप्रैल से प्रारंभ की गई थीं, जिनका समापन 16 मई को प्रस्तावित है। सामान्यतः ये परीक्षाएं मार्च-अप्रैल में पूर्ण होकर परिणाम भी समय पर घोषित कर दिए जाते रहे हैं लेकिन इस वर्ष स्थिति अलग दिखाई दे रही है।

मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया एक मई से प्रारंभ हो चुकी है। ऐसे में अंतिम वर्ष के विद्यार्थी इस आशंका से परेशान हैं कि यदि विश्वविद्यालय द्वारा समय पर परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किए गए तो उनकी उच्च शिक्षा संबंधी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

सीपीयू चोरी की घटना पर अब होगी एफआईआर

रादुविवि में पिछले दिनों एमसीएम डिपार्टमेंट में एक छात्रा और विवि के ही एक कर्मी की मिलीभगत से सीपीयू चोरी की वारदात हुई थी। हालांकि विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरों के वीडियो वायरल होने के बाद सीपीयू वापस कर दिया गया था लेकिन अब इस मामले में एफआईआर के निर्देश कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा द्वारा दिए गए हैं।

इस मामले को लेकर उन्होंने गतदिवस कुलसचिव के साथ विभाग का निरीक्षण भी किया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि दोबारा विवि में ऐसी घटना न हो।

परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण

रादुविवि के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा द्वारा नवयुग कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय परीक्षा केन्द्र में गुरुवार को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक की पाली में संचालित हो रही परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया गया।

Created On :   15 May 2026 2:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story