Jabalpur News: दिन में गर्म हवाओं और तपन ने झुलसाया, रात में बारिश ने दी राहत

दिन में गर्म हवाओं और तपन ने झुलसाया, रात में बारिश ने दी राहत
भीषण गर्मी में रात दो बजे तक अंधेरे में रहे हजारों लोग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। भीषण गर्मी में बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार-गुरुवार की रात पूर्व संभाग के तहसीली चौक, घमापुर, भानतलैया, दुर्गा चौक, बकरा मार्केट सहित अनेक क्षेत्रों में घंटों बिजली बंद रही। उपभोक्ताओं ने जब जिम्मेदार अधिकारियाें को फोन लगाया, तो उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया। अंत में मुख्य अभियंता को फोन कर जानकारी उपभोक्ताओं ने दी, तब वे तुरंत सक्रिय हुए और उनकी फटकार के बाद रात दो बजे क्षेत्र की विद्युत लाइन चालू हो सकी।

उपभोक्ताओं का कहना है कि रात करीब 11 बजे अचानक बिजली बंद हो गई और उसके बाद घंटों तक नहीं आई। स्थानीय ऑफिस में संपर्क किया गया पर वहां पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

बिजली बिल में दर्ज मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया पर उनके द्वारा भी फोन रिसीव नहीं किया गया। परेशान होकर उपभोक्ताओं ने मुख्य अभियंता एसके गिरिया को फोन किया तब उन्होंने पूर्व संभाग के अधिकारियों को रात में ही फटकार लगाई, तब कहीं जाकर पूर्व संभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और उन्होंने कुछ ही देर में विद्युत प्रवाह चालू किया।

शहर इन दिनों भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। दिनभर गर्म हवाओं और सूर्य की तपन ने लोगों को जमकर झुलसाया पर रात में 11.45 बजे से तकरीबन 15 मिनट तक हुई बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत दी। सूर्य की सीधी किरणें, पश्चिमी हवाओं के साथ अपना प्रचंड असर दिखा रही हैं। एक्सपर्ट के अनुसार आगे एक सप्ताह तक राजस्थानी हवाओं के साथ मौसम गर्म बना रहेगा।

जबलपुर सहित आसपास के जिलों में अगले कुछ दिनों में गर्म हवा, लू चलने की संभावना भी है। दिन की शुरुआत से तेज धूप है तो शाम को सूर्यास्त के बाद भी गर्म हवाओं का असर है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। पीक ऑवर्स में इसकी फीलिंग 44 डिग्री से भी अधिक रही। न्यूनतम तापमान इस दौरान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Created On :   15 May 2026 3:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story