- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नाग पंचमी पर वन विभाग की बड़ी...
जबलपुर न्यूज: नाग पंचमी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 25 से अधिक सांप पकड़े ,
डिजिटल डेस्क जबलपुर नाग पंचमी के पावन पर्व पर एक ओर जहां लोग नाग देवता की पूजा-अर्चना कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर वन्यजीव संरक्षण कानूनों की धज्जियां उड़ाने वाले सपेरों पर वन विभाग का शिकंजा कस गया। शहर में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक सांपों को पकड़ कर उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेंजर अपूर्व शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को शहर में सपेरों द्वारा सांपों के प्रदर्शन और उनके दोहन की पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सर्प मित्रों और एक स्थानीय एनजीओ की सहायता से संयुक्त टीम का गठन किया गया। जैसे ही टीम ने मौके पर दबिश दी, वन विभाग के अमले को देखकर हड़कंप मच गया और कई सपेरे अपनी टकरियां (बांस की टोकरियां) और सांपों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
पकड़े गए कुल 25 से अधिक सांपों में 11 सांप धामन प्रजाति के थे, जबकि शेष सभी खतरनाक कोबरा (नाग) प्रजाति के बताए जा रहे हैं। वन विभाग और सर्प मित्रों की टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इन वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास यानी जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा। वहीं, फरार हुए सपेरों की पहचान कर उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई से वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।
Created On :   17 Aug 2026 5:20 PM IST












