जबलपुर न्यूज: 57 लाख रूपये की बकाया लाइसेंस फीस वसूली के लिए दो दुकानों पर जड़ा ताला

डिजिटल डेस्क जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में दो बड़े बकायादारों की व्यावसायिक संपत्तियों पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई है। इन दोनों आवंटियों पर कुल 57 लाख रुपये से अधिक की लाइसेंस फीस बकाया थी। जेडीए से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना क्रमांक-18 के अंतर्गत स्थित व्यावसायिक संपत्ति के आवंटी अर्पित कुमार पांडेय पर 49 लाख रुपये से अधिक और योजना क्रमांक-19 मदन महल में स्थित व्यावसायिक संपत्ति के आवंटी खेमचंद पटेल पर 8 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया है। जेडीए द्वारा बकायादारों को बकाया राशि के भुगतान के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया। मंगलवार को जेडीए के अमले ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार संबंधित व्यावसायिक संपत्तियों पर तालाबंदी की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संपदा अधिकारी, स्थल यंत्री सहित अन्य विभागीय अमला मौके पर मौजूद रहा। जेडीए ने शेष अन्य बकायादारों को नोटिस जारी कर 7 दिनों में लाइसेंस फीस एवं अन्य देयकों का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
Created On :  
