Latur News: भादा–औसा में गूंजी भूकंप जैसी रहस्यमयी आवाज , नागरिक हुए भयभीत

प्रशासन ने अफवाहों से सतर्क रहने की दी चेतावनी

Latur News लातूर जिले के भादा और औसा क्षेत्र में शुक्रवार को दोपहर 12:00 बजे के बीच में भूकंप जैसी आवाज से हलचल मच गई । जमीन से आवाज सुनते ही लोगों में डर का माहौल पैदा हुआ और लोग इधर-उधर घर छोड़ भागने लगे तभी कई लोगों ने जमीन के अंदर से तेज आवाजें आने की शिकायत भी की। अचानक हुई इस घटना से नागरिकों में कुछ समय के लिए डर और भ्रम का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।

प्रशासन ने बिना देरी किए इस घटना की जानकारी देश की प्रमुख भूकंप निगरानी संस्था राष्ट्रीय भूकंपशास्त्र केंद्र (एनसीएस), नई दिल्ली को भेजी। एनसीएस द्वारा की गई विस्तृत जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद यह साफ कर दिया गया कि भादा–औसा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के भूकंप की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आवाजें भूगर्भ में होने वाली सामान्य प्राकृतिक हलचलों, जैसे चट्टानों के खिसकने या दबाव के बदलाव के कारण उत्पन्न हो सकती है। ऐसी घटनाएं कभी-कभी सुनाई देती हैं, लेकिन इसका भूकंप से सीधा संबंध नहीं होता।

प्रशासन की सख्त अपील : जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्पष्ट रूप से कहा है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट फैलाने वाली अपुष्ट खबरों से दूर रहें। साथ ही, केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में : प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है। संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।भादा–औसा में सुनी गई रहस्यमयी आवाजों ने भले ही लोगों को चिंतित किया हो, लेकिन वैज्ञानिक जांच में भूकंप की संभावना पूरी तरह नकार दी गई है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और जागरूक रहने की अपील की गई है।


Created On :   20 March 2026 4:57 PM IST

Tags

Next Story