Mandla news: गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार युवकों की मौत

गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार युवकों की मौत
विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे थे 7-8 युवक : तीन घायल; एक गंभीर

डिजिटल न्यूज़ मंडला

नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के साथ शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पंडाल में अचानक करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना 26 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गणेश प्रतिमा के विसर्जन के बाद 7 से 8 युवक गणेश पंडाल में सो रहे थे। शनिवार सुबह पंडाल में अचानक करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से जैनू भांवरे पिता मुकेश भांवरे (19), रवि झारिया पिता कल्लू लाल झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे पिता दिलीप भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे पिता सोनू भांवरे (24) की मौत हो गई। चारों ग्राम हीरापुर, थाना नैनपुर के निवासी थे।

हादसे में प्रियांश भांवरे (20), नीरज भांवरे (22) और मौसम भांवरे (17) घायल हुए हैं। इनमें प्रियांश भांवरे की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं नीरज भांवरे और मौसम भांवरे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैनपुर में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंचे एसडीएम, एसडीओपी और बिजली विभाग के अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम, एसडीओपी और बिजली विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ले रहे हैं। पंडाल में करंट कैसे फैला और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव में पसरा मातम

एक साथ चार युवकों की मौत की खबर से ग्राम हीरापुर में मातम पसर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और लोग हादसे से स्तब्ध हैं।

Created On :   26 Sept 2026 1:06 PM IST

Tags

Next Story