- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- मंडला में नकली और प्रतिबंधित सिगरेट...
Mandla news: मंडला में नकली और प्रतिबंधित सिगरेट के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई

डिजिटल न्यूज़ मंडला
मंडला जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने नकली एवं प्रतिबंधित सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दुकानों से लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध सिगरेट जब्त की है। मामले में दो व्यापारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सिक्योर ब्रांड आईपी एंड कॉपीराइट सर्विसेज, इंदौर की शिकायत पर की गई। संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर राज ठाकुर ने बताया कि उनकी संस्था को आईटीसी लिमिटेड द्वारा अधिकृत किया गया है। संस्था को मंडला में आईटीसी के ब्रांड से मिलती-जुलती तथा भारत में प्रतिबंधित अवैध सिगरेट की बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से जांच की। इस दौरान हागगंज बाजार स्थित नीलेश ट्रेडर्स एवं आंबेडकर वार्ड स्थित पमनानी ट्रेडर्स में दबिश दी गई। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों से प्रतिष्ठित ब्रांड से मिलती-जुलती एवं प्रतिबंधित सिगरेट का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि नीलेश ट्रेडर्स से लगभग 1.75 लाख रुपये तथा पमनानी ट्रेडर्स से करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य की अवैध सिगरेट जब्त की गई है। पुलिस ने नीलेश ट्रेडर्स के संचालक राजेश वीरानी और पमनानी ट्रेडर्स के संचालक सनी पमनानी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Created On :   23 July 2026 12:59 PM IST











