mandla/mawai news: जर्जर भवन में पढऩे को मजबूर 65 छात्र

जर्जर भवन में पढऩे को मजबूर 65 छात्र
बारिश में एक कमरे में लगती है कक्षा



डिजिटल न्यूज, मवई

विकासखंड मवई के ग्राम मूरता स्थित एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की स्थिति इतनी खराब है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक के 65 बच्चों की पढ़ाई इसी भवन में कराई जा रही है। यहां एक कमरे में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद भवन की मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया है। जिसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मूरता के एकीकृत प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय भवन जर्जर हालत में हैं। विद्यालय की छत और दीवारों से लगातार प्लास्टर गिर रहा है। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता है और दीवारों में रिसाव होने के कारण कक्षाओं में पढ़ाई कराना मुश्किल हो गया है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। भवन की हालत ऐसी है कि सीलिंग गिरने से बच्चें घायल हो सकते हैं। यहां जर्जर भवन की वजह से एक कमरे में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। जिससे बच्चों को बैठने के लिए जगह नहीं हैं।

शिकायत के बाद सुनवाई नहीं-

विद्यालय में पदस्थ शिक्षकों ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी कई बार लिखित रूप से संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां भवन की मरम्मत नहीं कराई जा रही है, जिसकी वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तेज बारिश होने पर सुरक्षा के मद्देनजर कक्षा 1 से 8 तक के सभी 65 बच्चों को एक ही छोटे कमरे में बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ती है जिससे शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। एक साथ कक्षा लगने से अलग-अलग विषय की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। जिससे बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है।

अभिभावकों ने की मरम्मत की मांग-

ग्रामीणों और शिक्षकों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि मवई क्षेत्र के स्कूलों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने शासन, प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय भवन की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।

Created On :   18 July 2026 1:38 PM IST

Tags

Next Story