- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- बाइक सवार को बचाने में डिवाइडर से...
mandla news: बाइक सवार को बचाने में डिवाइडर से टकराई कार, छात्रा समेत दो घायल

डिजिटल न्यूज़ मंडला
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ठोड़ा के पास शनिवार देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा उस समय हुआ, जब कार चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। दुर्घटना में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सिझौरा की एक छात्रा और छात्रावास की महिला कर्मचारी घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देर रात छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, एकलव्य विद्यालय सिझौरा की छात्रा भूमिक पिता प्रहलाद की शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। विद्यालय प्रबंधन ने उसे छात्रावास की महिला कर्मचारी दिलवती मरावी (36) के साथ कार से बिछिया अस्पताल भेजा। बिछिया में जांच के दौरान छात्रा का रक्तचाप अधिक पाए जाने पर उसे मंडला जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मंडला के लिए रवाना होने के दौरान ठोड़ा के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में छात्रा भूमिक और दिलवती मरावी को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर एम्बुलेंस 1033 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट लेखराम यादव, ईएमटी आनंद मार्को और हेल्पर मुकेश मरावी ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों का उपचार कर देर रात उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी
Created On :   19 July 2026 3:56 PM IST











