बम्हनीबंजर न्यूज: लगातार बारिश से बम्हनी-मुगदरा पुल डूबा

लगातार बारिश से बम्हनी-मुगदरा पुल डूबा
मजदूर जान जोखिम में डालकर पार कर रहे नदी आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है यह छोटा-सा पुल

डिजिटल न्यूज मंडला बम्हनीबंजर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बम्हनी और मुगदरा गांवों को जोड़ने वाला छोटा सा पुल मंगलवार रात से उफान पर रहा। यह पुल आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है। बुधवार सुबह तक पुल के ऊपर से पानी बहता रहा, जिससे हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल के दोनों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया है और बैरिकेड लगा दिए हैं। इसके बावजूद मजबूरी में कुछ मजदूर और स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आए।

पढ़ाई भी हो रही प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में बच्चों की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। कई बार स्कूल जाने वाले बच्चे भी डूबे हुए पुल को पार करने को मजबूर हो जाते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार हर बार तेज बारिश में यही स्थिति बनती है। बंजर नदी के उफान पर होने के साथ ही मुर्गाटोला धुंआधार जलाशय के गेट खोल दिए जाने से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और पुल डूब जाता है।

अंधेरे में नहीं दिखता उफान

नदी के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगी तो हुई हैं, लेकिन बिगड़ी पड़ी हुई हैं जिससे अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों को यह पता नहीं चल पाता कि नदी उफान पर है या नहीं। रात के समय हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल और उसके दोनों छोर पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएं।

राजस्व वाले मार्ग पर भी नहीं बना पुल

यह मार्ग खनिज संपदा से भरपूर क्षेत्र से होकर गुजरता है और यहां से सरकार को राजस्व का बड़ा लाभ मिलता है। बावजूद इसके पुल के स्थायी निर्माण की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जल्द से ऊंचा और मजबूत पुल बनाया जाए, ताकि बरसात में आधा दर्जन गांवों के बच्चों की पढ़ाई, मजदूरों का रोजगार और राजस्व आवागमन तीनों बाधित न हों।


Created On :   22 July 2026 2:45 PM IST

Tags

Next Story