महाराष्ट्र की सियासत: मंत्री गिरीश महाजन की एक और भविष्यवाणी, एक सप्ताह में फिर आ रहा है भूकंप

मंत्री गिरीश महाजन की एक और भविष्यवाणी, एक सप्ताह में फिर आ रहा है भूकंप
  • अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने के बाद
  • मंत्री गिरीश महाजन की एक और भविष्यवाणी
  • आ रहा है एक और भूकंप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने के बाद शनिवार को नांदेड़-वाघाला मनपा के 55 पूर्व नगरसेवकों ने भाजपा में प्रवेश कर लिया था। अब राज्य सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन ने राज्य की राजनीति को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।

महाजन ने दावा किया है कि अगले एक सप्ताह में महाराष्ट्र में एक और भूकंप आने वाला है। महाजन के बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने के बाद अब उनके कई करीबी विधायक भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

गिरीश महाजन ने अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने से पहले भी इस तरह का दावा किया था कि शिवसेना (उद्धव) और राकांपा (शरद) के बाद अब एक और पार्टी में भूकंप आने वाला है। महाजन के बयान के बाद ही कांग्रेस के पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। ऐसे में गिरीश महाजन द्वारा की गई भविष्यवाणी के मायने यही निकाले जा रहे हैं कि चव्हाण गुट के कुछ विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस के विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने उस समय भी काफी जोर पकड़ा था, जब चव्हाण भाजपा में शामिल हुए थे। ऐसे में अब सभी की निगाहें अगले एक सप्ताह की राजनीतिक हलचल पर लगी हुई हैं।

शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं प्रवक्ता संजय राऊत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ तोड़फोड़ की राजनीति करना ही जानते हैं। राऊत ने कहा कि साल 2024 में भाजपा पूरी तरह से कांग्रेसमय में हो जाएगी। राऊत ने भाजपा के नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हम चाहें तो एक रात में भाजपा साफ हो जाएगी।



Created On :   26 Feb 2024 12:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story