बड़ा लक्ष्य: सिंगापुर और हांगकांग की तर्ज पर धारावी का होगा पुनर्विकास, मुख्यमंत्री फडणवीस ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

सिंगापुर और हांगकांग की तर्ज पर धारावी का होगा पुनर्विकास, मुख्यमंत्री फडणवीस ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
  • आधुनिक गृहनिर्माण परियोजना के तर्ज पर धारावी का पुनर्विकास
  • धारावी की संपूर्ण औद्योगिक और सामाजिक व्यवस्था (इकोसिस्टम) कायम रखना चाहिए

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सिंगापुर और हांगकांग के आधुनिक गृहनिर्माण परियोजना के तर्ज पर धारावी का पुनर्विकास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुनर्विकास करते समय धारावी के नागरिकों, उनकी आजीविका और स्थानीय विशेषताओं को केंद्रबिंदु में रखा जाए। धारावी की संपूर्ण औद्योगिक और सामाजिक व्यवस्था (इकोसिस्टम) कायम रखना चाहिए। निर्धारित अवधि में पुनर्विकास परियोजना को पूरा किया जाए। इस परियोजना से मुंबई को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। सोमवार को मुख्यमंत्री ने धारावी पुनर्विकास परियोजना की समीक्षा बैठक की। राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में हुई बैठक में मुंबई की महापौर रितु तावडे, प्रदेश के गृह निर्माण राज्य मंत्री पंकज भोयर, अदाणी समूह के प्रबंध निदेशक प्रणव अदाणी, प्रबंध निदेशक अनिल सरदाना, अजित बारोडिया समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना के पहले चरण में साल 2028 तक कम से कम दस हजार घर नागरिकों को देने का लक्ष्य है। इसलिए परियोजना के लिए सभी मंजूरी एक ही जगह पर जल्द गति से उपलब्ध होने के लिए विशेष कक्ष निर्माण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी के चमड़ा, कपड़ा बनाने, मिट्टी के बर्तन और अन्य खाद्य पदार्थों का प्रमुख उद्योगों का अस्तित्व कायम रखने के लिए विशेष एमएसएमई योजना तैयार की गई है। खाद्य पदार्थ उद्योगों के लिए आधुनिक ‘क्लाऊड किचन’ विकसित करने की परिकल्पना की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभारवाडा का अस्तित्व कायम रखने के लिए चर्चा करके कोई समाधान निकाला जाए। धारावी पुनर्विकास परियोजना में प्रस्तावित नेचर पार्क को धरातल में उतारा जाए।

धारावी में बनेगा देश का पहला मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब

धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत देश का पहला अत्याधुनिक मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र से पश्चिम, मध्य और हार्बर रेलवे समेत विभिन्न मेट्रो मार्ग को जोड़ा जाएगा। भविष्य में बुलेट ट्रेन को धारावी तक जोड़ने का विचार है। इस केंद्र में विमान यात्रियों के लिए ‘सिटी चेक-इन’ सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्री धारावी में ही सामान का पंजीयन करने के बाद सीधे एयरपोर्ट एक्सप्रेस के माध्यम से हवाई अड्डा पहुंच सकेंगे। सिंगापुर और हांगकांग के तर्ज पर सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। हवाई अड्डा तक जल परिवहन के लिए फास्ट जेट्टी स्थापित की जाएगी। भविष्य में हवाई टैक्सी सेवा का विचार करके वर्टीपोर्ट भी विकसित किया जाएगा। इसलिए रेलवे, मेट्रो, सड़क, जलमार्ग और हवाई परिवहन जैसी सुविधा एक ही जगह उपलब्ध हो सकेगी।

बीकेसी-धारावी परिसर का होगा सौंदर्यीकरण

पुनर्विकास परियोजना के तहत बीकेसी से धारावी मार्ग परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। परिसर के मध्यभाग में हरित पट्टा, पदपथ और आधुनिक वास्तुरचना विकसित किया जाएगा। धारावी बस डिपो की जगह पर आधुनिक आवास और व्यावसायिक परियोजना स्थापित की जाएगी। इसलिए धारावी और बीकेसी परिसर को अंतरराष्ट्रीय दर्जे का स्वरूप प्राप्त होगा।

10 साल में परियोजना पूरा करने का लक्ष्य

धारावी के पुनर्वसन इमारतों का काम 42 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। माटुंगा परिसर के पुनर्वसन के लिए 39 महीने की अवधि तय की गई है। इस परियोजना के पहले चरण का काम मार्च 2028 तक पूरा करके हस्तांतरित करने का लक्ष्य है।

घर में महिलाओं के लिए अलग से शौचालय

बैठक में अफसरों ने बताया कि धारावी के पात्र नागरिकों के घरों में किचन, बेडरूम, शौचालय, महिलाओं के लिए अलग से शौचालय समेत अन्य सुविधाएं होंगी। रेलवे विभाग की जमीन का विकास, पुनर्वसन इमारतों का काम और अन्य आधारभूत सुविधाओं का काम चरणबद्ध तरीके से शुरू है।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव लोकेश चंद्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, राज्य के गृहनिर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता, राज्य के वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओ पी गुप्ता, राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास खारगे, नियोजन विभाग की सचिव शैला ए, मुंबई मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे, एमएमआरडीए के महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, धारावी पुनर्विकास परियोजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर, म्हाड के उपाध्यक्ष तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव जयस्वाल, कोंकण विभागीय आयुक्त रूबल अग्रवाल, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल उपस्थित थे।


Created On :   8 Jun 2026 8:08 PM IST

Tags

Next Story