विधान परिषद: परिवहन मंत्री ने माना - रोड टैक्स बचाने दूसरे राज्यों में रजिस्ट्रेशन करा रहे आलिशान गाडियों के मालिक

परिवहन मंत्री ने माना - रोड टैक्स बचाने दूसरे राज्यों में रजिस्ट्रेशन करा रहे आलिशान गाडियों के मालिक
  • रोड टैक्स से बचने के लिए लग्जरी वाहनों का पंजीकरण मामला
  • पंजीकरण पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दादरा-नगर हवेली में कराया जा रहा

Mumbai News. महाराष्ट्र में अन्य राज्यों की तुलना में रोड टैक्स ज्यादा है। रोड टैक्स से बचने के लिए लग्जरी वाहनों का पंजीकरण पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दादरा-नगर हवेली में कराया जा रहा है। विधान परिषद में पूछे गए विधायक सत्यजीत तांबे के सवाल के लिखित जवाब में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्वीकार किया कि ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। परिवहन मंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र से सटे कुछ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वाहन कर अपेक्षाकृत कम है, इस लिए कुछ लोग दूसरे राज्यों में अपने वाहनों का रजिस्ट्रेश करा महाराष्ट्र में वाहन चला रहे हैं। हालांकि इसका राज्य में होने वाले वाहन पंजीकरण पर बड़े पैमाने पर असर नहीं पड़ा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अनुसार यदि किसी दूसरे राज्य में पंजीकृत वाहन का महाराष्ट्र में एक वर्ष से अधिक समय तक उपयोग किया जाता है, तो उस वाहन पर महाराष्ट्र का वाहन कर देना अनिवार्य है। परिवहन मंत्री के अनुसार, दूसरे राज्यों में पंजीकृत होकर महाराष्ट्र में संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग नियमित रूप से कार्रवाई करता है। हालांकि, सरकार ने यह नहीं बताया कि अब तक ऐसे कितने वाहनों पर कार्रवाई की गई है या टैक्स चोरी के कितने मामले सामने आए हैं।

Created On :   1 July 2026 7:37 PM IST

Tags

Next Story