- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अकोट में एमआईएम के साथ गठबंधन से...
Mumbai News: अकोट में एमआईएम के साथ गठबंधन से सीएम नाराज, पार्टी ने विधायक को भेजा नोटिस

- भाजपा द्वारा एमआईएम के साथ गठबंधन करने के फैसले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नाराजगी
- भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने भाजपा के स्थानीय विधायक प्रकाश भारसाखले को नोटिस जारी किया
Mumbai News. अकोला जिले की अकोट नगर परिषद में सत्ता स्थापित करने के लिए भाजपा द्वारा एमआईएम के साथ गठबंधन करने के फैसले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा कड़ी नाराजगी जताए जाने के बाद बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने भाजपा के स्थानीय विधायक प्रकाश भारसाखले को नोटिस जारी किया है। अकोट से भाजपा विधायक भारसाखले को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि हाल ही हुए अकोट नगर परिषद चुनाव में एमआईएम के साथ गठबंधन कर भाजपा की नीतियों के खिलाफ काम किया गया है। इसके लिए पार्टी को विश्वास में नहीं लिया गया। इससे पार्टी की छवि खराब हुई है। इस संदर्भ में आप के खिलाफ क्यों न कार्रवाई की जाए, इसको लेकर पार्टी के सामने अपना पक्ष रखें।
दरअसल हाल ही हुए अकोट नगर परिषद के चुनाव में भाजपा ने नगराध्यक्ष के पद पर जीत हासिल कर ली थी पर 35 सदस्यों वाले सदन में भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। बहुमत हासिल करने के लिए भाजपा ने एमआईएम के पांच नगरसेवकों सहित शिवसेना के दोनों गुट और राकांपा के दोनों गुट सहित बच्चू कडू की पार्टी प्रहार जनशक्ति को साथ लेकर अकोट विकास मंच का गठन किया है। इस नए गठबंधन को अकोला जिलाधिकारी के पास पंजीकृत कराया गया है। इसके ग्रुप लीडर भाजपा नेता रवि ठाकुर बनाए गए हैं। भाजपा की एमआईएम के साथ गठबंधन की मीडिया में आने के बाद हो रही आलोचना के मद्देनजर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की बात कही।
Created On :   7 Jan 2026 10:16 PM IST












