- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज बोले - फडणवीस भ्रष्टाचार की बात...
सियासी तीर: राज बोले - फडणवीस भ्रष्टाचार की बात न करें, उद्धव का तंज- आज के राजनीतिक कार्यकर्ता मुंबईकर नहीं

- उद्धव-राज ठाकरे ने संयुक्त इंटरव्यू में फडणवीस और शिंदे पर बोला तीखा हमला
- फडणवीस भ्रष्टाचार की बात न करें- राज ठाकरे
- मुंबई और बीएमसी चुनाव पर खुलकर चर्चा
Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय बाद शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे एक साथ एक संयुक्त साक्षात्कार में नजर आए हैं। इस इंटरव्यू में दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जमकर निशाना साधा है। बीएमसी चुनाव, मुंबई की राजनीति और मौजूदा सत्ता को लेकर दोनों ठाकरे बंधुओं ने तीखे बयान दिए हैं। राज ने फडणवीस को भ्रष्टाचार के ऊपर बात नहीं करने पर बयान दिया है। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत और फिल्म अभिनेता महेश मांझरेकर ने दोनों ठाकरे बंधुओं का साक्षात्कार लिया है। ये इंटरव्यू जल्द जारी होगा।
फडणवीस भ्रष्टाचार की बात न करें- राज ठाकरे
राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। राज ठाकरे ने कहा कि फडणवीस दूसरों को भ्रष्टाचार का सर्टिफिकेट न दें। महाराष्ट्र की जनता सब देख रही है कि सत्ता में रहते हुए क्या-क्या हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति को केवल सत्ता और कुर्सी तक सीमित कर दिया गया है, जबकि असली मुद्दे पीछे छूट गए हैं।
उद्धव ठाकरे का शिंदे पर तंज
उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग मुंबई और मुंबईकरों को नहीं समझते। उन्होंने कहा कि आज जो राजनीतिक कार्यकर्ता सामने आ रहे हैं, वे मुंबईकर नहीं हैं। उन्हें मुंबई की संस्कृति, संघर्ष और इतिहास का कोई अनुभव नहीं है। उद्धव ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार मुंबई को कॉरपोरेट और बिल्डरों के हवाले करने का काम कर रही है, जबकि आम मुंबईकर हाशिए पर जा रहा है। राज और उद्धव दोनों ने कहा कि मराठी अस्मिता और स्थानीय मुद्दों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। मुंबई में मराठी लोगों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाने की राजनीति चल रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुंबई और बीएमसी चुनाव पर खुलकर चर्चा
संयुक्त इंटरव्यू में बीएमसी चुनाव को लेकर भी दोनों नेताओं ने खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि मुंबई की सत्ता पर कब्जा करने के लिए बाहर से आए लोगों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उद्धव ने कहा कि बीएमसी सिर्फ एक महानगरपालिका नहीं, बल्कि मुंबईकरों के अधिकारों का प्रतीक है। गौरतलब है कि राज और उद्धव पहली बार मिलकर राज्य में चुनाव लड़ रहे हैं।
Created On :   7 Jan 2026 10:24 PM IST












