राजनीति: भाजपा विधायक गायकवाड के मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप, इस्तीफा दें शिंदे : नाना पटोले

भाजपा विधायक गायकवाड के मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप, इस्तीफा दें शिंदे : नाना पटोले
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा
  • क्या सागर बंगले में अपराधियों के बाप रहते हैं?
  • घटना के बाद से लग रहे आरोप-प्रत्यारोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई । उल्हासनगर विधायक गोलीकांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार हमला बोला है। पटोले ने कहा कि पुलिस स्टेशल में गोली चलाने वाले भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने मुख्यमंत्री पर जिस तरह के आरोप लगाए हैं, वे बेहद गंभीर हैं। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री व राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से बंटाधार हो गया है। सत्ताधारी दल के विधायकों द्वारा बार-बार पुलिस स्टेशन में फायरिंग करना बताता है कि महाराष्ट्र में जंगलराज आ गया है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, गृह मंत्री पुलिस पर बहुत दबाव बना रहे हैं और उन्हें कानून के मुताबिक काम नहीं करने दिया जा रहा है। पटोले ने कहा है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ भाजपा विधायक गायकवाड़ के आरोप बेहद गंभीर हैं। इसलिए अगर मुख्यमंत्री में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

शनिवार को नागपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी उल्हासनगर में हुई घटना की कड़ी निंदा करती है। अब यह देखना होगा कि विधायक गणपत गायकवाड के मामले में शिंदे-भाजपा सरकार क्या कार्रवाई करती है। कांगेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले ने बीजेपी की पोल खोल दी है। पुलिस थाने में गोली चलाने की हिम्मत करना दिखाता है कि भाजपा नेताओं पर किस तरह सत्ता का नशा सिर चढ़ कर बोल रहा है। आखिर ये कैसा रामराज्य है?

पटोले ने कहा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में दहशत है। अगर सत्ता पक्ष के विधायक की बात नहीं मानी जाती है तो उनका तुरंत तबादला कर दिया जाता है। उन पर कानून के साथ काम न करने का दबाव बनाया जाता है। इसके पहले गणेशोत्सव के दौरान सत्ताधारी पार्टी के विधायक सदा सरवणकर ने खुलेआम गोली चलाई थी लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। बल्कि सरकार ने उन्हें प्रभादेवी के सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बना दिया। पुणे के बीजेपी विधायक सुनील कांबले ने पुलिस से मारपीट की। सत्ता पक्ष के विधायक का कहना है कि पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। क्योंकि हमारा बॉस "सागर' बंगले में बैठे हैं। क्या 'सागर' बंगले में बैठा बॉस अपराधियों के पिता बन गए हैं ? बता दें कि सागर बंगला उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सरकारी आवास है।

Created On :   3 Feb 2024 2:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story