हमला: भाजपा विधायक ने पुलिस इंस्पेक्टर की केबिन में शिवेसना (शिंदे) नेता को मारी गोली

भाजपा विधायक ने पुलिस इंस्पेक्टर की केबिन में शिवेसना (शिंदे) नेता को मारी गोली
  • जूपिटर अस्पताल में भर्ती, हालत चिंताजनक
  • महेश गायकवाड और राहुल पाटील जख्मी
  • शिंदे गुट और भाजपा के बीच विवाद गहराया

डिजिटल डेस्क, उल्हासनगर। शिवसेना (शिंदे) के कल्याण शहरप्रमुख महेश गायकवाड और राहुल पाटील को गोली मारी गई है। यह घटना शुक्रवार की देर रात घटी। आरोप है कि कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने हिल लाइन पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर की केबिन में गोली मारी है। इस हमले में महेश गायकवाड बुरी तरह से घायल हो गए हैं। उन्हें ठाणे के जूपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महेश के साथ राहुल पाटील भी घायल हैं।

सूत्रों के अनुसार महेश को चार गोलियां लगी हैं। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महेश को उल्हासनगर के मीरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें रात 11 बजे ठाणे के जूपिटर अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। गणपत गायकवाड के साथ उनका बेटा वैभव भी पुलिस थाने में मौजूद था। इस गोलीकांड में राहुल पाटील नामक एक कार्यकर्ता को भी गोली लगी है।

दोनों के बीच पुराना विवाद : शिंदे गुट और गणपत गायकवाड के बीच विवाद कोई नया नहीं है। ऐसे ही एक विवाद को लेकर दोनों हिल लाइन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। दोनों में बातचीत के दौरान ही गणपत ने महेश पर फायरिंग कर दी, वहीं शिवसेना के राहुल पाटील को भी एक गोली लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश के पेट व अन्य अंगों में गोली लगी है।

शिवसेना (शिंदे) कार्यकर्ता जुटे : इस घटना की सूचना मिलते ही शिवसेना (शिंदे) के कार्यकर्ता मीरा अस्पताल पहुंच गए। उल्हासनगर में हुई इस घटना से शिंदे गुट और भाजपा के बीच विवाद गहरा गया है।

श्रीकांत शिंदे का भी किया था विरोध : गणपत गायकवाड और शिवसेना (शिंदे) के बीच लंबे समय से अनबन चल रही है। सितंबर 2023 में लोकसभा चुनावों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच विवाद हो गया था। उस समय गणपत गायकवाड ने भाजपा विधायक और मंत्री रविंद्र चव्हाण के सामने ही सांसद श्रीकांत शिंदे पर निशाना साधा था। उस समय उन्होंने कहा था कि उनके पास धनुष बाण है तो, मेरे पास रॉकेट है। मैं किसी के बाप को अपना पिता नहीं कहता। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच-बचाव से मसला शांत हुआ।

कौन हैं गणपत गायकवाड

- 2009 से लगातार तीसरी बार विधायक

- 2015 में निर्दलीय विधायक बने, भाजपा में हुए शामिल

- कल्याण पूर्व विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व

- कई आपराधिक मामले हैं दर्ज

Created On :   3 Feb 2024 2:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story