राजनीति: कांग्रेस की नीतियों की भाजयुमो अध्यक्ष सूर्या ने की आलोचना, कहा- डीएनए में ही विभाजन है

कांग्रेस की नीतियों की भाजयुमो अध्यक्ष सूर्या ने की आलोचना, कहा- डीएनए में ही विभाजन है
  • राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा का अभिनय कर रहे हैं
  • युवाओं को राजनीतिक तौर पर बहलाया नहीं जा सकता
  • मोदी सरकार की नीतियां युवाओं के लिए मददगार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस की नीतियों की भाजपा युवा मोर्चा ने कड़ी आलोचना की है। मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा है कि कांग्रेस के डीएनए में ही विभाजन है। कांग्रेस के कारण देश का विभाजन हुआ। सूर्या ने यह भी कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं को राजनीतिक तौर पर बहलाया नहीं जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो नीतियां अपनाई हैं वह युवाओं पर केंद्रित हैं। केंद्र की नीतियां युवाओं के लिए मददगार साबित हो रही हैं। गुरुवार काे सूर्या पत्रकार वार्ता में बाेल रहे थे।

...इसलिए दिख रही बेरोजगारी : 4 मार्च को शहर में नमो युवा महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित महासम्मेलन स्थल का भूमिपूजन करने के सिलसिले में वे शहर में आए हैं। उन्होंने कहा-कांग्रेस के नेता राहुल गांधी एक ओर भारत जोड़ो यात्रा का अभिनय कर रहे हैं। दूसरी आेर उनकी यात्रा काे पंक्चर कर रहे हैं। परिवारवाद से जुड़े राहुल गांधी समान नेता बेरोजगार हो गए हैं, इसलिए देश में बेरोजगारी दिख रही है। मोदी के नेतृत्व में 10 वर्ष में नए विमानतल बन रहे हैं, 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा के ऊपर आए हैं, गांवों तक स्टार्टअप की संस्कृति विकसित हो रही है। ढांचागत विकास हो रहा है। ईपीएफओ के नए सदस्यों की संख्या में बढोत्तरी अब दोहरे अंकों में पहुंच चुकी है।

दक्षिण में भाजपा का प्रभाव : सूर्या ने कहा कि दक्षिण के राज्यों में भाजपा का प्रभाव बढ़ा है। भाजपा को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिलेगी। कर्नाटक की सभी सीटें पार्टी जीतेगी। केरल, तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में भी अच्छी सफलता मिलेगी। पार्टी नेतृत्व की विश्वसनीयता एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी ने यह स्थान पाया है। भाजपा लगातार युवाओं तक पहुंच रही। नमो नवमतदाता सम्मेलन 50 लाख युवाओं से मोदी ने संवाद साधा। 26 फरवरी को देश के 2 लाख स्थानों में नमो युवा चौपाल का आयोजन हुआ।

नागपुर में नमो युवा महासम्मेलन : अब नागपुर में 4 मार्च को नमो युवा महासम्मेलन का आयोजन हो रहा। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा इस दौरान महाराष्ट्र के एक लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। नागपुर में हो रहा यह महासम्मेलन भाजपा एवं राकांपा विचारधारा के लिए महत्वपूर्ण है। पत्रकार वार्ता में भाजयुमो के महामंत्री रोहित चहल एवं वैभव सिंह, उपाध्यक्ष गौरव गौतम, प्रदेश अध्यक्ष राहुल लोणीकर, शहर अध्यक्ष बादल राऊत, पूर्व विधायक आशीष देशमुख, चंदन गोस्वामी, प्रसाद मुजुमदार उपस्थित थे।

Created On :   1 March 2024 5:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story