सफर: नागपुर से 2 महीने में 14 बार हाउसफुल चली वंदे भारत ट्रेन, मिला अच्छा प्रतिसाद

नागपुर से 2 महीने में 14 बार हाउसफुल चली वंदे भारत ट्रेन, मिला अच्छा प्रतिसाद
  • कभी इंदौर से यात्री नहीं मिलते थे
  • अब नागपुर से हो रही भीड़
  • नागपुर से इंदौर जाने के लिए मात्र 2 ट्रेनें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर से इंदौर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन गत दो माह के बीच 14 बार हाउसफुल चली है। बात पसंद की हो या विकल्प की कमी, इस ट्रेन को लगातार यात्रियों की भीड़ मिल रही है, जबकि इससे पहले इंदौर से भोपाल के बीच ट्रेन चलने पर इसे 25 प्रतिशत यात्री भी नसीब नहीं हो रहे थे, लेकिन नागपुर से चलते ही इसे यात्रियों का प्रतिसाद मिल रहा है।

दूसरा विकल्प नहीं : वर्तमान स्थिति में नागपुर से इंदौर जाने के लिए मात्र 2 ट्रेनें उपलब्ध हैं, जिसमें पहली 12914 नागपुर-इंदौर साप्ताहिक है, वहीं दूसरी ट्रेन 12924 नागपुर-इंदौर एक्सप्रेस है। इन दोनों ट्रेनों में टिकट किराया कम है, लेकिन कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है। इसके अलावा इंदौर जाने के लिए यात्रियों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है, ऐसे में डेढ़ से ढाई हजार रुपए किराया रहने के बाद भी यात्री वंदे भारत को प्राथमिकता देने के लिए मजबूर हो रहे हैं। उक्त ट्रेनों की टाइमिंग देखी जाए, तो नागपुर से इंदौर पहुंचाने में वंदे भारत की तुलना में डेढ़ घंटा ज्यादा लेती हैं। ऐसे में केवल डेढ़ घंटे बचाने के लिए यात्रियों को 500 से 1 हजार रुपए ज्यादा किराया देना पड़ रहा है, क्योंकि उक्त ट्रेनों में थर्ड एसी में केवल एक हजार रुपए देकर सफर की सुविधा है, जबकि वंदे भारत में डेढ़ हजार से ढाई हजार रुपए देना पड़ रहा है। वंदे भारत से सफर करने वालों की मानें, तो कोई दूसरा विकल्प नहीं होने से उन्हें इसमें सफर करना पड़ रहा है।

इस तरह रही हाउसफुल : वंदे भारत में चेयर कार में कुल 478 सीटे हैं, वहीं एक्जिक्यूटिव क्लास में 52 सीटें हैं, जो कई बार फुल हो जा रही हैं। जनवरी माह की बात करें तो 2, 3, 5, 6, 12, 20, 25, 26 जनवरी को ट्रेन हाउसफुल रही है। 29 जनवरी को 99 प्रतिशत ऑक्युपेंसी दर्ज हुई है। इसी तरह फरवरी माह में 2, 3, 9, 10, 16, 17 फरवरी को ट्रेन हाउसफुल स्थिति में चली है।

दूरी तय करने में डेढ़ घंटे का अंतर : वंदे भारत में हाईटेक सुविधा के साथ सफर जल्दी तय करने की बात कही जा रही है, लेकिन वास्तविकता में केवल डेढ़ घंटे का फर्क है। नागपुर से 12924 नागपुर-इंदौर एक्सप्रेस शाम 7 बजे चलकर तड़के 5.25 बजे पहुंचाती है, वही वंदे भारत नागपुर से दोपहर 3.20 को चलकर रात 11.45 को इंदौर पहुंचती है। ऐसे में वंदे भारत 8 घंटे में और नागपुर-इंदौर एक्सप्रेस 9.30 घंटे में सफर तय करती है। इसी तरह 12914 नागपुर-इंदौर विकली एक्सप्रेस भी 12 घंटे में सफर को पूरा कर लेती है, जिसका थर्ड एसी का किराया केवल 965 रुपए है, जबकि वंदे भारत में यात्रियों को चेयर कार में ही डेढ़ हजार रुपए देने पड़ रहे हैं।

सामान्य गाड़ियों पर ध्यान देने की जरूरत : वंदे भारत को जिस तरह रेल प्रशासन की ओर से तवज्जो दिया जाता है, इसी तरह सामान्य गाड़ियों पर भी ध्यान देने की जरूरत है, ताकि सामान्य गाड़ियों की तरफ भी यात्रियों का रूझान बढ़ सके। बसंत शुक्ला, सचिव, भारतीय यात्री केन्द्र नागपुर

Created On :   29 Feb 2024 9:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story