धोखाधड़ी: टैक्स जमा करने का झांसा देकर ली गई रकम बेटी की पढ़ाई पर खर्च कर दी

टैक्स जमा करने का झांसा देकर ली गई रकम बेटी की पढ़ाई पर खर्च कर दी
  • प्रापर्टी डीलर को 32.50 लाख रुपए का लगाया चूना
  • कंसलटेंसी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण
  • घर पहुंची पुलिस, आरोपी हुआ फरार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कंसलटेंसी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण कोतवाली थाने में दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने टैक्स का झांसा देकर प्रापर्टी डीलर से 32.50 लाख रुपए ली और बेटी की पढ़ाई पर खर्च की। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने उसके दफ्तर व घर में दबिश दी, मगर वह फरार है। सरगर्मी से उसकी तलाश जारी है।

2.80 करोड़ की जमीन बेची थी : महल निवासी प्रापर्टी डीलर मोहम्मद यूनुस माेहम्मद यासीन है, जबकि आरोपी ठाकुर कंसलटेंसी एड एसोसिएटस का संचालक अनिल शिवनाथ सिंह ठाकुर (52) निर्मल नगरी निवासी है। यूनुस के अकाउंटिंग का काम अनिल ही संभालता था। अनिल की बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। इसके लिए उसे रुपए की जरूरत थी। जब बेटी की पढ़ाई के लिए रुपए का जुगाड़ नहीं हुआ, तो उसने यह कहकर यूनुस को झांसा दिया कि वर्ष 2022-23 का एडवांस में टैक्स भरा, तो उसे कुछ प्रतिशत छूट मिल सकती है। इससे उसका लाखों रुपए सरकारी खाते में जाने से बच जाएगा। यूनुस ने करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपए की जमीन बेची थी। इस कारण अनिल को उसके पास रुपए होने की जानकारी थी।

रुपए लौटाने की हामी भरी थी : झांसे में आए यूनुस ने एडवांस टैक्स भरने के लिए अनिल को कुछ रकम नकद और ऑनलाइन कुल 32 लाख 50 हजार रुपए दी थी। टैक्स भरने की रसीद मांगने पर वह टालमटोल जवाब देने लगा था। इस कारण उसने कुछ लोगों से संपर्क किया और एडवांस टैक्स के बारे में जानकारी हासिल की, जिससे उसे ठगे जाने का पता चला। इस बीच अनिल ने उसे बताया था कि उसे बेटी को डॉक्टर बनाना है। उसे रुपए की बहुत जरूरत थी। इस कारण उसने ऐसा किया है। उसने रुकम लौटाने की हामी भरी थी, लेकिन एक वर्ष होने के बाद भी उसने रकम नहीं लौटाई, जिससे मामला थाने गया। इसकी भनक लगते ही अनिल फरार हो गया।

Created On :   29 Feb 2024 8:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story