आफत: घर देर से लौटने पर पालक ने फटकारा तो बेटी घर छोड़कर भाग गई, म.प्र. में मिली

घर देर से लौटने पर पालक ने फटकारा तो बेटी घर छोड़कर भाग गई, म.प्र. में मिली
  • पुलिस ने किशोरी का किया समुपदेशन
  • मानव तस्करी विरोधी दस्ते ने खोज निकाला
  • घर आने के लिए नहीं थी तैयार समझा-बुझाकर लाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पारडी क्षेत्र में पालक ने किशोरी को फटकार लगाई, तो वह घर छोड़कर भाग गई। किशोरी को मध्य प्रदेश से मानव तस्करी विरोधी पुलिस दस्ते ने खोज निकाला। पुलिस ने किशोरी का समुपदेशन किया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।

देर होने पर लगाई थी फटकार : पुलिस के अनुसार पारडी में निवासी दंपति सब्जी बेचने का काम करता है। उन्हें 16 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय बेटा है। 11वीं कक्षा की किशोरी अपने माता-पिता के व्यवसाय में भी मदद करती थी। गत 19 फरवरी की शाम एक जयंती कार्यक्रम में किशोरी चली गई। उसे घर लौटने में थोड़ी देर हो गई, तो पालकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और थप्पड़ जड़ दिया गया। किशोरी पर शक किया जाने लगा। पालकों के व्यवहार से निराश होकर 23 फरवरी को किशोरी घर से भाग गई। उसने भागने से पहले अपने घर के माहौल के बारे में एक सहेली को बताकर उससे 200 रुपए उधार लिया और टयूशन क्लास जाने के बहाने घर से चली गई, लेकिन कहां जाएं, इस कशमकश में उलझी किशोरी को मध्यप्रदेश की फेसबुक की सहेली याद आई। वह मध्यप्रदेश पहुंचने के बाद उस सहेली को फोन की, लेकिन सहेली का मोबाइल फोन बंद होने के कारण वह घबरा गई थी।

तकनीक के आधार पर निकाला पता : बेटी के गायब होने की शिकायत पारडी थाने में परिजनों द्वारा की गई। शिकायत के बाद मानव तस्करी विरोधी दस्ते की पुलिस निरीक्षक ललिता तोडासे आैर सहायक पुलिस निरीक्षक रेखा संकपाल ने किशोरी का तकनीक पद्धति से पता खोज निकाला। उसके बाद किशोरी को नागपुर लाया गया, जिससे वह गलत हाथों में लगने से बच गई। वह अपने घर जाने को तैयार नहीं थी। इसके बाद दोनों महिला पुलिस अधिकारियों ने किशोरी का समुपदेशन किया। पालकों को भी पुलिस ने समझाया। भविष्य की चिंता न कर घर छोड़ने का निर्णय लेने वाली किशोरी को अपनी गलती का एहसास हुआ। फिर वह अपने घर लौट गई।


Created On :   29 Feb 2024 8:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story