- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मुख्यमंत्री के बिग बॉस रवैये से...
निशाना: मुख्यमंत्री के बिग बॉस रवैये से महायुति में नाराजगी, बेरोजगारी और स्मार्ट मीटर पर राकांपा प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे का हल्ला बोल

Nagpur News. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार में मुख्यमंत्री को सभी विभागों के फैसलों को पलटने के असीमित अधिकार दिए गए हैं। इससे मुख्यमंत्री की भूमिका ‘बिग बॉस’ जैसी हो गई है और महायुति सरकार के घटक दलों तथा मंत्रियों में नाराजगी और असंतोष बढ़ रहा है। सोमवार को पत्रकार वार्ता में शिंदे ने कहा कि महायुति सरकार में अब किसी भी मुद्दे पर एकराय नजर नहीं आती है।
बेरोजगारी के खिलाफ 6 विभागों में तिरंगा रैली
शिंदे ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नौकरी के इंतजार में महाराष्ट्र का युवा परेशान है, जबकि सरकार अप्रेंटिसशिप और पैकेज के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रही है। उनके मुताबिक, पिछले कई वर्षों से स्थायी सरकारी भर्तियां नहीं होने के कारण युवाओं में रोष बढ़ रहा है। बेरोजगारी के मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी राज्य के 6 विभागों में ‘बेरोजगार एल्गार तिरंगा रैली’ निकालेगी। इसके जरिए सरकार के खिलाफ आंदोलन को तेज किया जाएगा। शिंदे ने नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी निर्णय (जीआर) जारी करने से रोजगार की समस्या हल नहीं होगी। सरकार को कागजों पर घोषणाओं के बजाय स्थानीय युवाओं को वास्तव में रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए।
यह भी पढ़े -नागपुर से रायपुर जा रहे हेलिकॉप्टर की भंडारा में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, खराब मौसम में सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर निशाना
शिंदे ने राज्य में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मीटर को लेकर किसी भी तरह की जबरदस्ती नहीं किए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है।
उनका दावा है कि अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य देकर घर-घर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यहां तक कि कई जगह नागरिकों की गैरमौजूदगी में भी मीटर लगाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
शिंदे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद नागरिकों के बिजली बिल बढ़ रहे हैं और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी स्मार्ट मीटर के जबरन लगाए जाने का विरोध करती रहेगी।
Created On :   24 Aug 2026 5:57 PM IST












