- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- क्लोरीन गैस लीकेज से गोधनी दहला,...
इलाके में दहशत: क्लोरीन गैस लीकेज से गोधनी दहला, सांस लेने में दिक्कत की शिकायत होते ही अस्पताल पहुंचे 60 लोग

Nagpur News. रविवार की देर रात नगरपरिषद गोधनी अंतर्गत कलेक्टर कॉलोनी परिसर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस की लीकेज होने से परिसर में खासी परेशानी हो गई। यह घटना रात करीब 12.10 बजे गोधनी की कलेक्टर कॉलोनी परिसर में प्रस्तावित महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में हुई है। फिल्टर प्लांट में रखे 900 किलो क्षमता के 3 सिलेंडरों में लीकेज के क्लोरीन गैस निकलकर पूरे इलाके में फैल गई। गैस के प्रभाव से परिसर के नागरिकों को अचानक सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और उल्टियां होना आरंभ हो गई। फिल्टर प्लांट परिसर से गैस को निकलते देखकर तत्काल मनपा के कंट्रोल रूम समेत मानकापूर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मनपा के अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अभियान और ओसीडब्ल्यू की तकनीकी टीम ने मोर्चा संभाला। सुबह करीब 5.30 बजे लीकेज के कम होने पर तीनों सिलेंडरों को कास्टिक सोडा मिश्रित पानी की टंकी में डालकर न्यूट्रल किया गया। प्रभावित करीब 60 नागरिकों को निजी अस्पतालों के साथ ही मेयो में भर्ती कराया गया है।
चार विभागों से तत्काल राहतकार्य
सुगतनगर अग्निशमन केन्द्र के प्रभारी अधिकारी सुनील डोकरे, सिविल अग्निशमन दल के प्रभारी देवानंद शामकुले और कलमना के अधिकारी अशोक घवघवे को टीम के साथ भेजा गया। अग्निशमन विभाग से फायर टेंडर, फोम टेंडर के साथ ही 9 ब्रिदिंग अप्रेटर्स को भी भेजा गया। वाटर फिल्टर प्लांट से जुड़ी घटना होने के चलते ओसीडब्ल्यू की तकनीकी टीम को भी बुलाया गया था। गोरेवाडा और गोधनी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से ओसीडब्ल्यू के वरिष्ठ प्रबंधक सागर यादव, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अभियान के ब्रिजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने लीकेज की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद तत्काल क्लोरीन के सिलेंडरों को हटाने के लिए उपाययोजना आरंभ की गई। वहीं दूसरी ओर मानकापुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी हरेश कालशेकर के नेतृत्व में पूरे इलाके में बंदोबस्त लगाकर नागरिकों को दूर भेजा गया।
Created On :   24 Aug 2026 6:33 PM IST












