दर्दनाक: काम के दौरान 28 वर्षीय युवक की अचानक मौत, दिल का दौरा पड़ने से गई जान

काम के दौरान 28 वर्षीय युवक की अचानक मौत, दिल का दौरा पड़ने से गई जान
  • एम्बुलेंस से कोंढाली पीएचसी ले गए
  • डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
  • पुलिस ने पंचनामा कर शुरू की जांच

‌Bajargaon News. सावंगा स्थित इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव्स कंपनी में सोमवार को काम के दौरान 28 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल देवराव देशमुख (28), निवासी जुनापानी-चौकी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसे दिल का दौरा पड़ा था। घटना से जुनापानी क्षेत्र में शोक का माहौल है।

खाना खाने के बाद सीने में उठा तेज दर्द

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे कंपनी में भोजन का समय था। खाना खाने के बाद विशाल हाथ धोने जा रहा था, तभी अचानक उसके सीने में तेज दर्द होने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मियों ने तत्काल उसे कंपनी के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

एम्बुलेंस से कोंढाली पीएचसी ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

विशाल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर उसे कंपनी की एम्बुलेंस से कोंढाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दोपहर करीब 2 बजे उसने अंतिम सांस ली।

पुलिस ने पंचनामा कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। मौत के सटीक कारण समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस निरीक्षक सुमित परतेकी के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई जारी है। युवक की असमय मौत से परिजनों, सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक है।

Created On :   24 Aug 2026 8:26 PM IST

Next Story