मॉल संचालकों में हड़कंप: आराधना मॉल पर मनपा की तीन विभागों की दबिश, 7.43 लाख का टैक्स बकाया सामने आया - रात तक हुई औचक जांच

आराधना मॉल पर मनपा की तीन विभागों की दबिश, 7.43 लाख का टैक्स बकाया सामने आया - रात तक हुई औचक जांच
  • छह साल से बकाया संपत्ति कर के लिए संचालक से लिया धनादेश
  • बिना अनुमति निर्माण पर दस्तावेज पेश करने का नोटिस, शहर के अन्य मॉल संचालकों में हलचल
  • अग्निशमन सुरक्षा, संपत्ति कर और अवैध निर्माण को लेकर देर शाम हुई औचक जांच

Nagpur News. महापौर नीता ठाकरे के निर्देश के बाद शनिवार देर शाम पांचपावली क्षेत्र स्थित आराधना द फैशन मॉल पर मनपा के तीन विभागों ने संयुक्त रूप से औचक कार्रवाई की। आशीनगर जोन, संपत्ति कर विभाग और अग्निशमन दल के अधिकारियों ने मॉल की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब छह साल से बकाया 7 लाख 43 हजार रुपये के संपत्ति कर की वसूली के लिए संचालक से धनादेश लिया गया। वहीं, बिना अनुमति किए गए निर्माणकार्य को लेकर इमारत से संबंधित दस्तावेज जोन कार्यालय में पेश करने का नोटिस दिया गया।

पांचपावली परिसर स्थित मॉल में अग्निशमन उपकरणों की कमी, संपत्ति कर बकाया और बिना अनुमति निर्माण की शिकायतों को लेकर तीनों विभागों ने जांच की। करीब तीन माह पहले सुगतनगर अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अधिकारी सुनील डोकरे के नेतृत्व में ग्राउंड फ्लोर समेत चार मंजिला इमारत को अग्निशमन सुरक्षा के लिहाज से नोटिस दिया गया था। उस समय इमारत में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई थी। उपकरण लगाने के लिए दी गई तीन माह की समय-सीमा पूरी होने के बाद शनिवार को दोबारा निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ जोन कार्यालय और संपत्ति कर विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। जांच में मॉल में आवश्यक अग्निशमन उपकरण लगाए जाने और व्यवस्था सुचारू पाए जाने के कारण इस संबंध में आगे की कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, बिना अनुमति किए गए निर्माणकार्य और संपत्ति कर के बकाये को लेकर कार्रवाई शुरू की गई। जोन कार्यालय की ओर से निर्माणकार्य से संबंधित दस्तावेज पेश करने का नोटिस दिया गया है।

लाखों का संपत्ति कर बकाया, अब हुई वसूली की पहल

संपत्ति कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बहुमंजिला इमारत के संचालक की ओर से कई वर्षों से कर के रूप में महज 2 हजार रुपये का भुगतान किया जा रहा था। इसके बाद 1 अप्रैल 2019 को संपत्ति का मूल्यांकन कर नए सिरे से कर निर्धारण किया गया। नए निर्धारण और शास्ती सहित करीब 7 लाख 43 हजार रुपये का संपत्ति कर बकाया हो गया था। इसके बावजूद अब तक बकाया वसूली को लेकर कार्रवाई नहीं हुई थी। अग्निशमन विभाग की कार्रवाई के दौरान संपत्ति कर विभाग ने भी बकाया वसूली की पहल की और संचालक से धनादेश प्राप्त किया।

बिना अनुमति निर्माणकार्य को लेकर जोन कार्यालय की ओर से नोटिस जारी कर संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। मनपा की इस औचक कार्रवाई से शहर के अन्य मॉल और व्यावसायिक इमारतों के संचालकों में भी हलचल देखी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान आशीनगर जोन के सहायक अभियंता मनोज माली, संपत्ति कर विभाग के निरीक्षक सूरज स्वामी, कर संग्राहक केशव हमरडे, अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के पथक प्रमुख मोहम्मद रफीक, एनडीएस पथक के मनोज शर्मा, पांचपावली पुलिस स्टेशन के उपनिरीक्षक प्रदीप कुंभारे तथा सुगतनगर अग्निशमन केंद्र के सुनील डोकरे समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Created On :   23 Aug 2026 7:54 PM IST

Tags

Next Story