- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वेस्ट पेपर आयात-निर्यात में कंपनी...
धोखा: वेस्ट पेपर आयात-निर्यात में कंपनी को लाखों की चपत, आरोपी कंपनी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

Nagpur News. वेस्ट पेपर आयात-निर्यात के कारोबार में एक कंपनी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान होने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में आरोपी कंपनी संचालक के खिलाफ मंगलवार को प्रताप नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार, गायत्री नगर निवासी अंबर अनिल पुरोहित (33) नाईस इम्पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वरिष्ठ कार्यकारी के पद पर कार्यरत हैं। 20 अगस्त 2025 को उनकी कंपनी का सस्पेंल वेंचर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक शुभनाथ श्रीनाथ नागर (60), निवासी शिवाजी नगर, पुणे के साथ वेस्ट पेपर खरीदने का सौदा हुआ था।
दोनों कंपनियों के बीच हुए एग्रीमेंट के बाद अंबर की कंपनी ने अमेरिका और पुर्तगाल से वेस्ट पेपर आयात किया। आरोप है कि भारत में माल पहुंचने के बाद शुभनाथ नागर ने वेस्ट पेपर खरीदने से इनकार कर दिया। इसके चलते मजबूरी में कंपनी को यह माल कम कीमत पर पद्मावती पल्प पेपर मिल कंपनी को बेचना पड़ा।
बताया गया है कि दोनों सौदों के कारण इम्पोर्ट कंपनी को करीब 41 लाख 79 हजार 518 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। घटना के बाद दोनों कंपनियों के संचालकों के बीच विवाद बढ़ गया और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाने लगे।
मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी के संकेत मिलने पर पुलिस ने शुभनाथ नागर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए जल्द ही एक टीम पुणे रवाना हो सकती है। फिलहाल मामले से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Created On :   19 May 2026 6:25 PM IST














