- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, पांच दिन...
Nagpur News: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, पांच दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

Nagpur News अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल का असर अब सीधे आम जनता की जेब पर पड़ने लगा है। महज पांच दिनों के भीतर तेल कंपनियों ने दूसरी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। मंगलवार से लागू नई दरों के तहत नागपुर में पेट्रोल 90 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर 108.07 रुपए और डीजल 94.63 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले 15 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की थी।
फिर लौटे 2022 जैसे हालात
लगातार हो रही मूल्यवृद्धि से साल 2022 का दौर फिर लौटता नजर आ रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान मार्च-अप्रैल 2022 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था। उस समय तेल कंपनियों ने सिर्फ 15 दिनों में 13 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए थे। इनमें से 10 दिनों तक रोजाना करीब 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। मौजूदा हालात को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है।
तेल कंपनियों पर बढ़ा दबाव
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते सरकारी तेल कंपनियों जैसे इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल पर दबाव बढ़ा है। 15 मई को हुई 3 रुपए की वृद्धि के बाद ही संकेत मिल गए थे कि नुकसान की भरपाई के लिए कंपनियां चरणबद्ध तरीके से कीमतों में और बढ़ोतरी कर सकती हैं।
आम आदमी पर बढ़ेगा बोझ
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि का असर रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ना तय माना जा रहा है। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से फल-सब्जियों, किराना और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी हो सकती है। निजी वाहन चालकों, छोटे व्यापारियों और सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर लोगों को इसका सीधा असर झेलना पड़ेगा। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रही तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है। इससे परिवहन लागत बढ़ेगी और इसका असर बाजार की हर वस्तु पर दिखाई देगा, जिससे महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।
Created On :   19 May 2026 2:56 PM IST















