दबिश: ट्रक में भरकर ले जा रहा करीब 2 करोड़ का गांजा जब्त , डीआरआई की बड़ी कार्रवाई

  • यूपी जा रही खेप पुलिस ने पकड़ी
  • 478 पैकेटों में मिला 975.5 किलोग्राम गांजा
  • ट्रक में बायो फर्टिलाइजर के नीचे छुपाया था

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने आंध्र प्रदेश से उत्तर प्रदेश जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। ट्रक में बायो फर्टिलाइजर के नीचे छुपाकर ले जा रहे इस 975.5 किलो गांजे को जब्त किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 95 लाख बताई जा रही है। डीआरआई ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। गांजे की आपूर्ति करने वाले व जहां गांजा पहुंचना था, उसका नाम पता चल गया है। यह अंतरराज्यीय गिरोह है, जिसके तार आंध्र प्रदेश से लेकर यूपी तक फैले हैं।

बोरखेडी टोल के पास कार्रवाई : डीआरआई ने गुप्त सूचना के आधार पर आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी से आ रहे ट्रक को मंगलवार सुबह बोरखेडी टोल नाके के पास पकड़ा। ट्रक के गाले में बायो फर्टिलाइजर रखा था। इसके नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था। डीआरआई ने 975.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया। ट्रक चालक को इसके पूर्व आंध्र प्रदेश पुलिस भी गांजा लेकर जाने के आरोप मंे पकड़ चुकी है। डीआरआई ने गांजे की आपूर्ति करने वाले की गिरफ्तारी के लिए टीम आंध्रप्रदेश भेज दी है। इसी तरह उत्तर प्रदेश के आग्रा का वह शख्स जिसने गांजे की खेप बुलाई थी, उसकी तलाश में भी टीम लग गई है। डीआरआई को गांजा तस्करी में लिप्त आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश के दोनों तस्करों का पता चल गया है। आग्रा में यह माल उतरने के बाद वहां से अन्य जगह भेजने का संदेह है। गांजा के कुल 478 पैकेट मिले। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने आरोपी ट्रक चालक को न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया है। ट्रक व आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की खोजबीन जारी है।

बढ़ गई गांजे की तस्करी : पिछले एक साल की डीआरआई की कार्रवाई पर नजर डालें तो गांजे की तस्करी बढ़ गई है। गांजे की आपूर्ति करने में आंध्र प्रदेश आगे है। आंध्र प्रदेश से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में जाने वाला गांजा इसके पूर्व डीआरआई कई बार पकड़ चुकी है। चौंकाने वाली बात यह है कि आंध्र प्रदेश से मध्य प्रदेश या छत्तीसगढ़ में गांजे की तस्करी के लिए नागपुर रुट का इस्तेमाल होता है। यूपी के लिए भी नागपुर रुट का ही इस्तेमाल हुआ है। डीआरआई भी मान रही है कि गांजा तस्करी बढ़ गई है आैर इसके पीछे अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है।

Created On :   7 Feb 2024 5:05 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story