तैयारी: नागपुर जिले में कम हुए मतदाता, 22 जनवरी को जारी हो सकती है अंतिम मतदाता सूची

नागपुर जिले में कम हुए मतदाता,  22 जनवरी को जारी हो सकती है अंतिम मतदाता सूची
  • 42.42 लाख से अधिक मतदाता थे 28 दिसंबर 2023 को
  • 42.33 लाख से कुछ अधिक मतदाता अभी हैं फिलहाल
  • अंतिम लिस्ट शीघ्र आएगी सामने

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर जिले में नागपुर व रामटेक ऐसे लोकसभा के दो निर्वाचन क्षेत्र हैं। 28 दिसंबर तक जिला प्रशासन ने जो आंकड़े जुटाए, उसके मुताबिक जिले में 42 लाख 42 हजार 868 मतदाता थे, जबकि अब इसमें कमी आ गई है। 5 जनवरी तक जो आंकड़े जुटाए गए हैं, उसके मुताबिक जिले में अब 42 लाख 33 हजार 603 मतदाता हैं।

नए मतदाताओं को जोड़ने का काम बंद : जिला प्रशासन इलेक्शन मोड पर है आैर 5 जनवरी तक ऑफलाइन, ऑनलाइन व बीएलआे के माध्यम से डेटा प्राप्त किया गया। 5 जनवरी की शाम तक मिले आंकड़ों के आधार पर मतदाता सूची के अपडेशन का काम रविवार 14 जनवरी की शाम तक चला। अब अगले आदेश तक नए मतदाता जोड़ने का काम बंद रहेगा। 22 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। जिलाधीश व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन इटनकर 22 जनवरी को प्रेस कांफ्रेंस लेकर मतदाता सूची के संबंध में विस्तृत जानकारी दे सकते हैं।

डबल नाम व डबल फोटो हुए कम : मतदाताओं की संख्या कम होने का सबसे बड़ा कारण डबल नाम, डबल फोटो, मृतक व जिले से बाहर गए लोगों की छंटनी को माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने 28 दिसंबर 2023 तक जो आंकड़े जुटाए थे, उसके मुताबिक जिले में फोटो सिमिलर एंट्रीज (पीएसई) 26920 आैर डबल सिमिलर एंट्रीज (डीएसई) 10736 थे। पीएसई आैर डीएसई का ताजा आंकड़ा तो नहीं मिला, लेकिन 80 फीसदी तक छंटनी होने की खबर है। मृतकों व जिले से बाहर गए लोगों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं। अब छंटनी का काम अगले आदेश के बाद ही शुरू हो सकेगा।

21 अक्टूबर 2019 को हुए विधान सभा चुनाव के दौरान जिले में 41 लाख 71 हजार 420 मतदाता थे। अब जनवरी 2024 में जिले में 42 लाख 33 हजार 603 मतदाता हैं। यानी लगभग 5 साल में जिले में केवल 62 हजार 183 मतदाता ही बढ़ सके हैं। मतदाताआंे की संख्या बढ़ने की गति धीमी होने की बात इससे स्पष्ट हो रही है।

28 दिसंबर 2023 तक जुटाए गए आंकड़े के अनुसार नागपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 22 लाख से ज्यादा व रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 20 लाख से ज्यादा मतदाता थे। इसमें पुरुष मतदाता 21,45,484, महिला मतदाता 20,97,102 आैर तृतीयपंथी मतदाता 282 थे। इस तरह कुल 42 लाख 42 हजार 868 मतदाता थे।

जिला प्रशासन द्वारा 5 जनवरी तक जुटाए गए आंकड़े के अनुसार नागपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र में 21 लाख 99 हजार 528 आैर रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 20 लाख 34 हजार 75 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 21 लाख 39 हजार 895, महिला मतदाता 20 लाख 93 हजार 427 आैर तृतीयपंथी मतदाता 281 हैं। इस तरह कुल 42 लाख 33 हजार 603 मतदाता हैं।

Created On :   16 Jan 2024 9:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story