विधान परिषद चुनाव: नागपुर में 5 उम्मीदवारों ने भरा फार्म - भाजपा से डॉ.राजीव पोतदार, कांग्रेस से अतुल लाेंढे और दिनेश ढोले

  • आखिरी दौर तक रहा सस्पेंस
  • अतुल लोंढे व दिनेश ढोले का फार्म बतौर कांग्रेस उम्मीदवार दर्ज कराया

Nagpur News. विधानपरिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट के चुनाव के लिए 5 उम्मीदवारों ने 6 नामांकन दर्ज कराये है। सोमवार को नामांकन दर्ज कराने के अंतिम दिन उम्मीदवारी को लेकर काफी रोमांचक स्थिति रही। भाजपा ने डॉ.राजीव पोतदार को उम्मीदवारी दी है। वहीं कांग्रेस से अतुल लोंढे व दिनेश ढोले ने नामांकन दर्ज किया है। राजेश जंगले व सुरेंद्र लोही ने निर्दलीय फार्म भरा है। भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले के विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई इस सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। चुने जानेवाले प्रतिनिधि का कार्यकाल 19 माह का रहेगा। इस चुनाव में मनपा, जिला परिषद, नगरपरिषद, नगरपंचायत के सदस्य व पंचायत समिति के सभापति मतदान करते हैं। फिलहाल जिला परिषद में प्रशासक राज होने के कारण जिला परिषद से कोई मतदाता नहीं है। जानकारी के अनुसार लगगभ 836 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 580 से अधिक मतदाता भाजपा के नगरसेवक हैं। चुनाव के लिए 25 मई को अधिसूचना जारी की गई। उम्मीदवारी फार्म दाखल कराने की अंतिम अवधि सोमवार 1 जून को दोपहर 3 बजे तक थी। मंगलवार 2 जून को फार्म की पड़ताल की जायेगी। गुरुवार 4 जून तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। 18 जून को मतदान होगा। 22 जून को मतगणना होगी।

आखिरी दौर तक रहा सस्पेंस

उम्मीदवारी को लेकर नामांकन दर्ज कराने के आखिरी दौर तक सस्पेंस रहा। भाजपा ने रविवार की रात्रि में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। भाजपा उम्मीदवार डॉ.राजीव पोतदार भाजपा जिला ग्रामीण के अध्यक्ष रहे हैं। उनके राजनीतिक समायोजन की मांग केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने एक सभा में की थी। राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के करीबी कार्यकर्ता के तौर पर भी डॉ.पोतदार की पहचान है। सोमवार को सुबह 9 बजे जिलाधिकारी कार्यालय के लिए डॉ.पोतदार की नामांकन रैली निकली। राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले,भाजपा के शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, महापौर नीता ठाकरे, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले सहित अन्य प्रमुख नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे। उधर कांग्रेस में उम्मीदवार चयन को लेकर काफी नाटकीय दौर चला।

नामांकन दर्ज कराने की अवधि समाप्त होने के एक घंटाअ पहले तक सरकारी विश्रामगृह रविभवन में चर्चा का दौर चला। अतुल लोंढे, दिनेश ढोले, सुनील महल्ले, सुरेश जग्याशी के नाम पर चर्चा हुई। पूर्व मंत्री सुनील केदार, पूर्व मंत्री नितीन राऊत, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रफुल गुडधे सहित अन्य नेताओं ने चर्चा के बाद अतुल लोंढे व दिनेश ढोले का फार्म बतौर कांग्रेस उम्मीदवार दर्ज कराया। बताया गया है कि कांग्रेस का उम्मीदवारी के संबंध में पहला एबी फार्म अतुल लोंढे व दूसरा दिनेश ढोले का दिया गया है। नाम वापसी तक इनमें से कोई एक उम्मीदवार नाम वापस ले सकता है। अतुल लोंढे कांग्रेस के प्रवक्ता हैं। दिनेश ढोले पूर्व जिला परिषद सदस्य हैं।

Created On :   1 Jun 2026 8:03 PM IST

Tags

Next Story