- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर शहर में 19 किलो वाला...
Nagpur News: नागपुर शहर में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3,291 पर पहुंचा, धंधा हो रहा चौपट

Nagpur News कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने सोमवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 43.50 की वृद्धि कर दी। इसके साथ ही नागपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,291.50 हो गई है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों से होटल, रेस्टोरेंट, कैंटीन, टिफिन सेंटर और स्ट्रीट फूड व्यवसायियों की लागत बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो ग्राहकों को महंगा भोजन करना पड़ेगा।
जनवरी से जून तक लगातार इजाफा
ये पहला मौका नहीं है जब तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडरों के दामों में इजाफा किया हो। वैश्विक तनाव के चलते बीते कुछ महीनों से दामों लगातार इजाफा हो रहा है। साल की शुरुआत में जनवरी 2026 में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 1,755 में उपलब्ध था। छह महीनों में इसकी कीमत बढ़कर 3,291.50 हो गई है। यानी इस अवधि में सिलेंडर के दाम करीब 87 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
‘छोटू’ सिलेंडर भी महंगा
पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी 10 की बढ़ोतरी की गई है। अब इसकी कीमत 900 हो गई है। यह सिलेंडर मजदूरों, छात्रों और किराए पर रहने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। खास बात यह है कि इसकी कीमत अब 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर (964) से केवल 64 कम रह गई है।
महंगी होगी थाली
कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होटल, ढाबों, चाय दुकानों, कैंटीन और सार्वजनिक भोजन व्यवस्थाओं में बड़े पैमाने पर किया जाता है। गैस की लागत बढ़ने से कारोबारियों का खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में भोजन, नाश्ते और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है। कई प्रतिष्ठानों ने ग्राहकों को पहले ही दरें बढ़ाने की सूचना देना शुरू कर दिया है।
महंगी बिजली, अब गैस की मार
नागपुर रेसिडेंशियल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजिंदरसिंह रेणु ने कहा, पहले से ही होटल व्यवसाय महंगी बिजली की मार झेल रहा है। अब गैस के लगातार बढ़ते दामों ने कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हमें उम्मीद थी कि हालात सामान्य होंगे, लेकिन लागत लगातार बढ़ रही है।
जनवरी से जून तक ऐसे बढ़े दाम
तारीख बढ़ोतरी कीमत
1 जनवरी -1,755.00
1 फरवरी -192 - 1,947.00
1 मार्च -112- 2,059.00
1 अप्रैल - 196 - 2,255.00
1 मई - 993 - 3,248.00
1 जून - 43.50 - 3,291.50
यह भी पढ़े -बाल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बना रही महिला चिकित्सक, समाज को प्रेरित करने वाली का हेल्थ वॉरियर्स सम्मान
Created On :   2 Jun 2026 11:48 AM IST













